रोहित शर्मा जैसा सोता हुआ इंसान मैंने कभी नहीं देखा। हिटमैन को लेकर विराट कोहली ने यह बात कपिल शर्मा के शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल (Comedy Nights With Kapil) में कही थी। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के कप्तान विराट कोहली ने उस शो में यह भी दावा किया था कि भारत और गुजरात के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल के पेट में कोई भी बात पचती नहीं है।
कपिल ने शो के दौरान विराट कोहली से कुछ सवाल पूछे। एक सवाल के जवाब में विराट ने कहा, ‘टीम इंडिया में सबसे ज्यादा नींद रोहित शर्मा को आती है। वह ऐसा बंदा है, जो किसी भी जगह पर सो जाता है। मैंने ऐसी-ऐसी जगहों पर सोते हुए देखा है कि पता नहीं सकता। दुनिया की सबसे ज्यादा अनकम्फर्टेबल जगह होगी वहां पर भी वह सो जाएगा। मतलब इतना सोते हुआ इंसान मैंने कभी नहीं देखा। वह टाइम पर भी सोएगा तो भी लेट (देर से) उठता है। देर से सोए तो देर से उठने की बात समझ में आती है। लेकिन वह टाइम पर भी सोएगा तो भी देर से ही उठेगा।’ आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है। मुंबई इंडियंस पांच बार की आईपीएल चैंपियन है।
कपिल ने पूछा, ‘टीम इंडिया में ऐसा कौन सा खिलाड़ी है, जिसके पेट में बात नहीं पचती?’ इस पर विराट कोहली ने कहा, ‘इंडियन टीम में अभी तो कोई नहीं हैं। पहले हमारी बंगलौर की टीम (आरसीबी) में थे पार्थिव पटेल। उनके पेट में बिल्कुल बात नहीं पचती थी। उनके पेट में बात पचने की जगह ही नहीं है। इतने से (हाथों के इशारे से उनकी लंबाई को बताते हुए) तो हैं।’ यह सुनकर कपिल शर्मा, नवजोत सिंह सिद्धू और शो में मौजूद ऑडियंस सभी हंसने लगे।
बता दें कि पार्थिव पटेल ने दिसंबर 2020 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया था। वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स, कोच्चि टस्कर्स केरला, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से खेले हैं। पार्थिव ने आईपीएल में 139 मैच खेले थे। इस दौरान 22.6 के औसत से 2848 रन बनाए थे। अपने करियर के दौरान उन्होंने 13 अर्धशतक भी जड़े थे। अब वह मुंबई इंडियंस टीम के साथ ‘टैलेंट स्काउट’ (नई प्रतिभाओं को ढूंढने वाला) के रूप में जुड़े हैं।