आईपीएल 2024 में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स का सामना आरसीबी से होगा। यह मैच इस सीजन का सबसे दिलचस्प मैच होने वाला है क्योंकि इसी से तय होगा कि प्लेऑफ में जाने वाली आखिरी टीम कौन सी होगी। यह मैच महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल में आखिरी मैच भी हो सकता है। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को भी इसका अंदाजा है। उन्होंने भी धोनी के संन्यास की ओर इशारा दे दिया।
धोनी के साथ हो सकता है कोहली का आखिरी मैच
इस अहम मैच से पहले कहा, ‘फैंस के लिए धोनी को भारत में खेलते देखना बहुत बड़ी बात है। मैं और वह फिर से एक साथ खेलेंगे और शायद यह आखिरी बार होगा। आप कुछ नहीं कह सकते। हमारी कुछ यादें बेहतरीन रही हैं, हमने कुछ कमाल की साझेदारी की हैं। फैंस के लिए हमें साथ देखना बड़ा मौका है।’ महेंद्र सिंह धोनी अपने घुटने से कारण काफी परेशान हैं। टीम के कोच स्टेफन फ्लेमिंग ने कहा था कि धोनी को रनिंग के लिए मना किया गया है। धोनी को केवल बड़े शॉट्स खेलने के लिए कहा गया है।
विराट कोहली ने धोनी को बताया बड़ा फिनिशर
विराट कोहली ने यहां बताया कि धोनी को भी उनकी तरह स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना का शिकार होना पड़ा था। कोहली ने धोनी को बड़ा फिनिशर बताया। कोहली ने कहा, ‘माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी) के बारे में भी लोग यही कहते थे। वह खेल को 20वें या 50वें ओवर तक क्यों ले जा रहे हैं।’ लेकिन उन्होंने भारत के लिए कितने मैच फिनिश किए! वह शायद एकमात्र व्यक्ति हैं जो जानते हैं कि वह क्या कर रहे हैं! उन्हें खुद पर भरोसा है कि वह आखिरी ओवर तक लेकर जाएंगे और मैच जिताएंगे।’
कोहली ने आगे कहा, ‘मेरी मानसिकता अलग थी। मैं सोचता था कि चलो खेल 49वें ओवर (वनडे में) या 19वें ओवर (टी20 में) में खत्म कर दूं। अगर वह (धोनी) अंत में मेरे साथ बल्लेबाजी कर रहा था तो सोच अलग होती थी। वह खेल को आखिरी ओवर तक ले जाएंगे जब विपक्षी टीम डर से कांप रही होगी।”