भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली इन दिनों पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ स्विट्जरलैंड की वादियों में छुट्टियां बिता रहे हैं। विराट ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, वे इन दिनों पत्नी अनुष्का के साथ स्विट्जरलैंड की हसीन वादियों का लुत्फ उठा रहे हैं। इसके बाद अनुष्का शर्मा ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें विराट और अनुष्का के साथ बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन भी अपनी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल के साथ दिख रहे थे। अनुष्का ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘हैलो फ्रेंड्स, वरुण धवन और नताशा दलाल के साथ।’ अनुष्का के तस्वीर पोस्ट करने के बाद उस पर कमेंट करने वालों की बाढ़ सी आ गई। अब तक इस पर 5 हजार से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके हैं।
इन कमेंट्स के बीच एक ऐसी भी टिप्पणी आई, जिसने अनुष्का को ट्रोल कर दिया। यह कमेंट था कॉमेडियन भुवन बम का। भुवन ने लिखा, ‘तुम पहाड़ियों पर क्यों गए? इस समय तो दिल्ली ही जम रही है। इधर आ जाते। छोले भटूरे भी खा लेते सब!’ भुवन के इस कमेंट पर अब तक 750 से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘मेरा मानना है कि एयर क्वालिटी और हसीन वादियों के कारण ये कपल (विराट और अनुष्का) वहां गए होंगे, दिल्ली तो अब रहने लायक नहीं रहा।’ कॉमेडियन भुवन बम का यू-ट्यूब चैनल BB Ki Vines का लोकप्रिय है। वे एक करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले भारत के पहले इंडिवुजअल यू-ट्यूब आर्टिस्ट हैं।
बता दें कि यह साल विराट कोहली के लिए शानदार रहा है। इंग्लैंड में खेले गए आईसीसी (ICC) क्रिकेट वर्ल्ड कप में उन 30 मिनटों को छोड़ दिया जाए, जिसके कारण टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों सेमीफाइनल में हार का सामना करना पडा था, तो उनके (विराट) लिए पूरा साल बहुत अच्छे से बीता। उन्होंने लगातार टीम के लिए रन बनाए और एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन (2455 रन) के साथ साल का अंत किया। वे लगातार चौथे साल एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले क्रिकेटर बने।