भारतीय कप्तान विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर जाने के लिए मुंबई में फिलहाल अपने परिवार के साथ क्वरंटीन में है। पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका उनके साथ है। कोहली ने इस दौरान इंस्टाग्राम पर फैंस से बात की। उन्होंने सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान एक रोचक वाकया हुआ जिस पर सबका ध्यान गया। दरअसल, जब भारतीय कप्तान फैंस के सवालों का जवाब दे रहे थे तभी बीच में अनुष्का ने एक सवाल दाग दिया। इसका उन्होंने मजेदार जवाब दिया।

दरअसल, अनुष्का ने विराट से पूछा, ‘‘ आपने मेरा हेड फोन कहां रखा है?’’ कोहली ने इस सवाल को दरकिनार नहीं किया और जवाब देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज में शेयर किया। विराट ने उत्तर दिया, ‘‘हमेशा की तरह बेड की साइड टेबल की तरफ लव।’’ कोहली ने जवाब के साथ मुस्कुराने वाला और दिल वाला इमोजी बनाया। अनुष्का के अलावा एक फैन ने उनसे सवाल किया, ‘‘आप खाली समय में क्या करते हैं?’’ इस पर विराट ने कहा, ‘‘आराम करता हूं और अनुष्का के साथ कुछ अच्छे टीवी शोज देखता हूं।’’

फैंस ने विराट से उनकी बेटी और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में भी सवाल किया। एक फैन ने सवाल किया, ‘‘वामिका का मतलब क्या है? वो कैसी है? क्या मैं उसकी एक झलक देख सकता हूं?’’ इस पर कोहली ने वामिका के नाम का मतलब बताया। उन्होंने कहा कि यह देवी दुर्गा का दूसरा नाम है। तस्वीर दिखाने के बात पर कोहली ने कहा, ‘‘नहीं, एक कपल के तौर पर हमने ये फैसला किया है कि हम अपने बच्चे को सोशल मीडिया पर नहीं दिखाएंगे, जब तक कि वो खुद ये न समझ ले कि सोशल मीडिया होता क्या है और इस बारे में वो खुद फैसला ले सके।’’

इसके बाद कोहली ने धोनी के साथ अपने संबंधों को लेकर दो शब्द कहे। उनसे एक फैन ने पूछा, ‘‘कैप्टन कूल और आपके बीच संबंध को परिभाषित करने के लिए दो शब्द बताइए।’’ इस पर विराट ने कहा- विश्वास और सम्मान। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद विराट पहली बार टीम के कप्तान बने थे। इसके बाद जब धोनी ने वनडे से कप्तानी छोड़ी थी तब कोहली को नेतृत्व सौंपा गया था।