विराट कोहली (Virat Kohli) और अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे अपनी बेटी वामिका को अभी सोशल मीडिया पर नहीं लाना चाहते हैं। इसके बावजूद कुछ फोटोग्राफर्स ने वामिका कोहली की तस्वीरें खींची हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा। सोशल मीडिया यूजर्स ऐसे फोटोग्राफर्स के बारे में अनाप-शनाप लिख रहे हैं। कुछ लोगों ने तो सोशल मीडिया से वामिका की तस्वीर डिलीट करने की भी मांग की है।
बता दें कि टीम इंडिया के खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए 2 जून की रात इंग्लैंड रवाना हुए। विराट और अनुष्का बेटी वामिका के साथ जब मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे तभी फोटोग्राफर्स वामिका की फोटोज खींचने लगे। वामिका अनुष्का की बाहों में सो रहीं थीं। अनुष्का ने फोटोग्राफर्स से छिपाने के लिए वामिका का मुंह पूरी तरह ढक रखा था। इसके बावजूद फोटोग्राफर्स लगातार फोटोज क्लिक करते रहे। अनुष्का के मजबूरी में बेटी वामिका का मुंह ढकने के कारण लोगों ने फोटोग्राफर्स पर अपना गुस्सा निकला है।
ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा, ‘मुंह ढकने से बच्ची का दम घुट रहा होगा। ये शर्मनाक है। फोटोग्राफर्स को उनकी निजता (प्राइवेसी) का ख्याल रखना चाहिए।’ एक यूजर ने लिखा, ‘आपको शर्म आनी चाहिए। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा नहीं चाहते कि उनकी बेटी की तस्वीरें खींची जाए। फिर ऐसा क्यों।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘वामिका की तस्वीर खींचने के लिए वे (फोटोग्राफर्स) आखिर इतने उतावले क्यों हैं। कृपया उन्हें आराम से जीने दें।’
एक यूजर ने लिखा, ‘यह बिल्कुल पागलपन है। बार-बार वामिका की तस्वीर नहीं खींचने का अनुरोध करने के बावजूद ये पापराजी ऐसा करते रहते हैं। अब वे उनके सहमति के बिना उनका चेहरा दिखाते हुए तस्वीर भी पोस्ट कर रहे हैं? इन बेवकूफ मीडिया पोर्टल्स पर मुकदमा करो।’
एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘क्या आप कृपया उनसे उस पोस्ट को डिलीट करने के लिए कह सकते हैं। उन्होंने वामिका का चेहरा दिखाया है। मुझे नहीं पता भारतीय मीडिया कब समझदारी से काम लेगा। विराट और अनुष्का ने वामिका का चेहरा नहीं दिखाने का फैसला किया है। इस तरह वामिका की तस्वीर पोस्ट करना बहुत गलत है।’