भारतीय कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की शादी की अटकलें अब सही साबित होती दिख रही हैं। शादी इटली के टस्कनी में होगी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक यह कपल 12 दिसंबर को इटली के एक शानदार रिजॉर्ट बोर्गो फिनोकच्योतो में शादी करने जा रहा है। दो दिन पहले विराट और अनुष्का इटली के लिए रवाना हो गए थे। अनुष्का की फैमिली के साथ उनके परिवार के पंडित भी साथ गए हैं। यह वही पंडित हैं, जिनसे मिलने विराट और अनुष्का पिछले साल देहरादून गए थे। अगर मैनएक्सप वेबसाइट की माने तो विराट कोहली ने अपने करीबी सूत्रों से बात करते हुए कहा था कि इस शादी में वह ज्यादा लोगों को इनवाइट नहीं कर पाएंगे। इस शादी को अटेंड करने के लिए केवल विराट के क्लोज फ्रेंड्स और फैमिली मेंबर ही उपस्थित होंगे। कहा जा रहा है कि शादी के बाद मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में शानदार रिसेप्शन दिया जाएगा।

भारतीय टीम के खिलाड़ी 10 दिसंबर (रविवार) से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही वनडे सीरीज में बिजी रहेंगे। ऐसे में टीम में से किसी खिलाड़ी का आना बेहद मुश्किल है। लेकिन सूत्रों की माने तो विराट ने पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह को अपनी शादी के लिए इटली इनवाइट किया है। इसके अलावा विराट ने अपने बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को भी इनवाइट किया है। वहीं खबरें हैं कि अनुष्का की ओर से एक्टर आमिर खान, शाहरुख खान, डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा, रणबीर कपूर, करन जौहर, कटरीना कैफ और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा पहुंच सकते हैं।

विराट और अनुष्का ने 5 साल पहले एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था। वह पहली बार एक विज्ञापन के शूट पर मिले थे। 2015 में अफवाह उड़ीं कि दोनों का ब्रेक अप हो गया है, लेकिन इन्हें खारिज करते हुए दोनों एक सार्वजनिक समारोह में नजर आए।