भारतीय रेसलर बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट ने हरियाणा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। वहीं साक्षी मलिक ने राजनीति से दूर रहना का फैसला किया है। साल 2023 भारतीय रेसलिंग के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। साल की शुरुआत जिस धरने से हुई साल के अंत तक उसका असर देखने को मिला। यहां तक की 2024 के पेरिस ओलंपिक पर भी इस धरने का असर दिखा। भारत के ओलंपिक मेडलिस्ट बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट विनेश फोगाट रेसलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक महीने से भी ज्यादा समय तक जंतर मंतर पर धरना देने बैठे थे। यह तीनों इस धरने के मुख्य पात्र थे। उन्होंने धरने को आगे से लीड किया और बृजभूषण के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत भी दर्ज करवाई।

धरने पर बैठे खिलाड़ी

धरना खत्म हो गया और साक्षी मलिक ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। बजरंग पुनिया अपना पुराना फॉर्म हासिल नहीं कर सके और पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा भी नहीं ले पाए। हालांकि विनेश फोगाट ने सर्जरी के बावजूद वापसी की। उन्होंने पहले ओलंपिक के लिए न सिर्फ कोटा हासिल किया बल्कि वह पेरिस ओलंपिक में 50 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही। हालांकि फाइनल से पहले उन्हें डिस्क्वालिफाई कर दिया गया।

इन तीनों की नेटवर्थ की बात करें तो साक्षी मलिक सबसे आगे नजर आती है। मीडिया रिपोर्ट्स में किए गए दावों के मुताबिक तीनों ही खिलाड़ी करोड़ों के मालिक है।

बजरंग पूनिया करोड़ों के मालिक

टोक्यो में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले बजरंग पूनिया की कुल नेटवर्थ लगभग 15 करोड़ रुपए है। बजरंग पूनिया की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा पहलवानी से ही आता है। मेडल्स के साथ-साथ उन्हें टूर्नामेंट्स जीतने पर राशि भी मिलती है। उन्हें सरकार और फेडरेशंस की तरफ से भी काफी पैसा मिलता है। साल 2018 में रेसलिंग फेडरेशन के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में वह ए ग्रेड में थे। ए ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 30 लाख रुपए दिए जाते थे।

फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल बजरंग पूनिया का नाम

साल 2019 में फोर्ब्स की लिस्ट में बजरंग पूनिया का नाम शामिल था। तब तक वह ओलंपिक मेडलिस्ट भी नहीं बने थे। लिस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक वह हर साल 2.5 करोड़ रुपए कमाते थे। साल 2021 में टोक्यो में मेडल जीतने के बाद बजरंग की कमाई में भी इजाफा हुआ। टोक्यो में मेडल जीतने के बाद उन्हें हरियाणा सरकार की तरफ से, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और रेसलिंग फेडरशन की ओर से करोड़ों की इनामी राशि मिली थी। उन्हें कुछ इनामी राशि भी मिली।

विनेश फोगाट के पास भी काफी संपत्ति

विनेश फोगाट तीन बार की कॉमनवेल्थ चैंपियन हैं। माय खेल डॉट कॉम के मुताबिक विनेश फोगाट की कुल नेटवर्थ 36.5 करोड़ रुपये है। उनकी आय उनके कुश्ती करियर, ब्रांड एंडोर्समेंट और युवा मामले और खेल मंत्रालय से मिलने वाले वेतन से होती है। फोगाट को खेल मंत्रालय की तरफ से से हर महीने लगभग 50,000 रुपये मिलते हैं। वह एक साल में लगभग छह लाख रुपए कमाती हैं। इसके अलावा रेलवे में सरकारी नौकरी से भी विनेश को वेतन मिलता है। विनेश फोगाट ब्रांड्स की दुनिया में भी एक बड़ा नाम हैं।

साक्षी मलिक भी कमाई में नहीं हैं पीछे

कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की इकलौती महिला रेसलर ओलिंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक की नेट वर्थ करीब 40 करोड़ रुपये है। साक्षी ने 2016 रियो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। भारत को उस ओलंपिक में केवल दो ही मेडल हासिल हुए थे। इसके बाद 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में साक्षी ने वापसी करते हुए गोल्ड जीता था। साक्षी पहले फेडरेशन की ग्रेड बी में शामिल थीं, जो 20 लाख रुपये का करार था, मगर दो साल पहले उन्‍हें सेंट्रल कॉन्‍ट्रेक्‍ट से बाहर कर दिया गया था।