रोहित शर्मा को बुधवार (21 अगस्त) को सीएट क्रिकेट रेटिंग अवार्ड्स 2023-24 में ‘मेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड मिला। राहुल द्रविड़ को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ मिला। विराट कोहली को ‘मेंस वनडे बैटर ऑफ द ईयर’ चुना गया। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में 24 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी को वनडे बॉलर ऑफ द ईयर’ का सम्मान मिला। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 712 रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल को ‘मेंस टेस्ट बैटर ऑफ द ईयर’ चुना गया। रविचंद्रन अश्विन को ‘मेंस टेस्ट बॉलर ऑफ द ईयर’ चुना गया।

इस अवार्ड शो के दौरान भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रोहित शर्मा को लेकर मजेदार बात कही। उनकी बात सुनकर लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर भी मुस्कराने लगे। शमी ने बताया कि रोहित खिलाड़ियों को फ्रीडम देते हैं। वह जरूरी होने पर फीडबैक देते हैं। इसके बाद अगर गलती होती है तो खिलाड़ी रिएक्शन से समझ जाते हैं कि रोहित क्या कहना चाहते हैं।

मोहम्मद शमी क्या बोले

मोहम्मद शमी ने कहा, “सबसे पहले तो रोहित का ये अच्छा लगता कि आपको वो फ्रीडम देता है। अगर उसपे आप सही नहीं उतरे, तो उनके थोड़े से एक्शन आने लगते हैं। ये चाहिए था या आपको ये करना है। हम इस प्लान पर जा रहे हैं। अगर उसपे भी आप खरे नहीं उतरे तो फिर स्क्रीन पर रिएक्शन बिना बोले हम समझ जाते हैं न वो आने लगते हैं थोड़े-थोड़े।”

श्रेयस अय्यर ने शमी की बातों को सही बताया

श्रेयस अय्यर ने कहा, “शमी भाई सही कह रहे हैं। हम शब्द भरते हैं… वो,तो, इसको, उसको। ये सब जो है वो हमारे लिए फिल इन द ब्लैंकस होते हैं। इसके बाद हम सोचते हैं कि कौन होगा इस मोमेंट में। किसके बारे में बोल रहे हैं। लेकिन हम उनकी भावनाओं को समझते हैं। हम उनके साथ कई सालों से खेल रहे हैं। “