भारतीय महिला क्रिकेटरों ने पांच नवंबर 2025 की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आवास पर ‘विश्व विजेता ट्रॉफी’ के साथ भेंट की। इस दौरान बातचीत में अपने वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने के अभियान के बारे में चर्चा की। भारत ने रविवार दो नवंबर 2025 को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला विश्व खिताब जीता था।
महिला विश्व कप विजेता भारतीय टीम ने बुधवार पांच नवंबर 2025 को मुख्य कोच अमोल मजूमदार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान अमोल मजूमदार ने एक किस्सा साझा किया।
अमोल मजूमदार ने बताया कि विश्व कप जीतने की ‘कसम’ तो जून 2025 में इंग्लैंड में ही खा ली गई थी। उन्होंने बताया कि जब भारतीय टीम ने इंग्लैंड में प्रिंस चार्ल्स से मुलाकात की थी, तो प्रोटोकॉल के चलते उस वक्त सपोर्ट स्टाफ उनके साथ तस्वीरें क्लिक नहीं करवा सका। तब सपोर्ट स्टाफ ने कहा था कि उन्हें पीएम मोदी के साथ तस्वीरें चाहिए।
अमोल मजूमदार ने पीएम मोदी को बताया, ‘एक किस्सा बताना चाहूंगा। हम जून में इंग्लैंड में थे। तो वहां पर हम किंग चार्ल्स से मिले। पर वहां पर प्रोटोकॉल था 20 जनों का ही। …तो जो सपोर्ट स्टाफ है वह आ नहीं पाए, क्योंकि ये सभी प्लेयर्स थे और तीन स्किल्ड कोचेस लेकर गया था। मैंने सपोर्ट स्टाफ को कहा कि मुझे अत्यंत खेद है, लेकिन प्रोटोकॉल 20 लोगों का ही है।’
अमोल मजूमदार ने अपनी बात जारी रखते हुए बताया, ‘…तो उन्होंने जैसे थोड़ा सा मैनफेस्ट (एक तरह का ऐलान करना या संकल्प करना)। उन्होंने बोला- ठीक है, हमें यह फोटोग्राफ (ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के साथ) नहीं चाहिए। हमें चार नवंबर या पांच नवंबर को मोदीजी के साथ फोटोग्राफ चाहिए। आज वही दिन है।’
इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2017 में पीएम मोदी से मुलाकात की थी। उस समय टीम इंडिया महज 9 रन से इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला गंवा बैठी थी। इसके बाद पीएम मोदी ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें भविष्य में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया था।
