साल 2016 में 19 दिसंबर को करुण नायर ने चेन्नई के एम चिदंबरम स्डेयिम पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में तिहरा शतक लगाया था। वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बने थे। साल 2025 की शुरुआत में उन्होंने ऐसा कुछ कर दिखाया जो अब तक दुनिया में कोई नहीं कर पाया था।
करण नायर ने 3 जनवरी 2025 को विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच में शतक लगाया। यह पिछले 5 मैच में उनका चौथा शतक है। खास यह है कि वह पिछली चारों पारियों में आउट नहीं हुए थे। इसके साथ ही वह लिस्ट ए में बिना आउट हुए 530 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।
राजस्थान के जोधपुर में 6 दिसंबर 1991 को जन्में करुण नायर ने इस रिकॉर्ड बनाने की शुरुआत 23 दिसंबर 2024 को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मैच से की थी। विजयनगरम के विज्जी स्टेडियम में खेले गये उस मैच में 222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ नाबाद 112 रन की पारी खेली थी। फिर 26 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के खिलाफ नाबाद 44 रन बनाए। इसके बाद 28 दिसंबर को चंडीगढ़ के खिलाफ नाबाद 163 और 31 दिसंबर को तमिलनाडु के खिलाफ नाबाद 111 रन की पारी खेली थी।
न्यूजीलैंड के जेम्स फ्रैंकलिन का तोड़ा रिकॉर्ड
तीन जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के खिलाफ 70 रन बनाते ही करण नायर बिना आउट हुए 500 या उससे ज्यादा लिस्ट ए रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गये। इसके बाद उन्होंने 2010 में न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जेम्स फ्रैंकलिन (527) के बनाए गए लिस्ट ए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया और अपना सातवां लिस्ट ए शतक बनाया।
यूपी के खिलाफ टूट गया नाबाद अभियान
हालांकि, करुण नायर उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपना नाबाद अभियान बरकरार नहीं रख पाये। वह 11 चौके और 2 छक्के की मदद से 101 गेंद में 112 रन बनाकर आउट हुए। उत्तर प्रदेश बनाम विदर्भ मैच की बात करें तो करुण नायर की टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 307 रन बनाये। विदर्भ ने 47.2 ओवर में 2 विकेट पर 313 रन बनाकर मैच जीत लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें
बिना आउट हुए सबसे ज्यादा लिस्ट ए रन बनाने वाले शीर्ष-7 बल्लेबाज
- करुण नायर: 542 रन
- जेम्स फ्रैंकलिन: 527 रन
- जोशुआ वैन हीरडेन: 512 रन
- फखर जमान: 455 रन
- तौफीक उमर: 422 रन
- मोहम्मद यूसुफ: 405 रन
- लांस क्लूजनर: 400 रन
विदर्भ से पहले 11 साल तक कर्नाटक के लिए खेले
करुण नायर ने 2023 में विदर्भ के साथ जुड़ने से पहले कर्नाटक के लिए वह 11 साल तक खेले। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए कप्तान बनने के बाद करुण नायर को पिछले नवंबर में IPL 2025 मेगा ऑक्शन के दौरान दो सीजन के बाद आईपीएल के लिए भी चुना गया था।
दाएं हाथ के बल्लेबाज को दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा। यह 2016-17 के बाद दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका दूसरा कार्यकाल होगा। साल 2017-18 में घरेलू मैदान पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के लिए अपना आखिरी प्रदर्शन करने वाले नायर को आईपीएल नीलामी में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।