U-23 World Wrestling Championships: अंडर -23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2022 में भारत की पदकों की दौड़ गुरुवार 21 अक्टूबर को भी जारी रही। अंकुश पंघाल ने स्पेन के पोंटेवेदरा में चल रही इस प्रतियोगिता में महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि मानसी अहलावत ने महिलाओं की 59 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

मानसी अहलावत 59 किग्रा भार वर्ग में तब कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं, जब उनकी प्रतिद्वंद्वी रमीना मामेदोवा चोट के कारण बाहर हो गईं। अंकुश की फाइनल में भिड़ंत जापान की 3 बार की विश्व चैंपियन और टोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता यूई सुसाकी के खिलाफ थी। यूई सुसाकी ने पिछले 3 साल में एक भी अंक नहीं दिया है। उन्होंने अंकुश पंघाल के खिलाफ मुकाबला जीतने में 112 सेकंड का समय लिया।

जापान की यूई सुसाकी कुश्ती ग्रैंड स्लैम को पूरा करने वाले इतिहास की पहली पहलवान बन गई हैं। उन्होंने विश्व कुश्ती के सभी प्रमुख टूर्नामेंट्स में स्वर्ण पदक जीते हैं। युई सुसाकी पहले ही टोक्यो ओलंपिक, U-17, U-20 और सीनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण खिताब जीत चुकी हैं।

यूई सुसाकी के संग्रह से केवल U-23 स्वर्ण पदक गायब था, जिसे उन्होंने अब हासिल कर लिया। सुसाकी अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 3, अंडर-20 में दो, सीनियर वर्ग में 3 बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या 5 हो गई है। बुधवार को नितेश ने ग्रीको-रोमन 97 किग्रा और विकास ने ग्रीको-रोमन 72 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीते थे। नितेश ने ब्राजील के इगोर फर्नांडो अल्वेस डी क्विरोजिन और विकास ने जापान के डाइगो कोबायाशी को हराकर कांस्य पदक जीता।

इससे पहले साजन ने रेपेचेज में यूक्रेन के दिमित्रो वासेत्स्की को हराकर कांस्य पदक जीता था। वह अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के इतिहास में ग्रीको-रोमन वर्ग में भारत का पहला पदक था। भारत ने पहली बार अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में इतने पदक जीते हैं।