टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत के लिए एक बुरी खबर है। स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास पटियाला में राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान शनिवार (26 जून) को 100 मीटर की हीट्स के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चोटिल हो गईं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक से बाहर रहना पड़ सकता है। हिमा लंबे समय से कमर के निचले हिस्से में चोट की समस्या से जूझ रही हैं। वह 100 मीटर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बावजूद नहीं उतर सकीं। हीम अपनी हीट रेस में तीसरे स्थान पर रही थीं।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी, ‘‘हमें उम्मीद है कि हिमा दास अंतर-राज्यीय मीट में 100 मीटर हीट के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के बाद जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगी।’’ समझा जाता है कि वह रविवार (27 जून) को 200 मीटर की दौड़ और 29 जून को महिलाओं की चार गुणा सौ मीटर दौड़ में भाग नहीं लेगी। हिमा की चोट चार गुणा सौ मीटर महिला रिले टीम की क्वालीफिकेशन की उम्मीदों को करारा झटका है। इस चौकड़ी में हिमा के अलाव दुती, धनलक्ष्मी और अर्चना शामिल है। यह टूर्नामेंट भारतीय एथलीटों के टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का आखिरी मौका है।
दूसरी ओर, तमिलनाडु की एस धनलक्ष्मी ने राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैम्पियनशिप में सौ मीटर की दौड़ जीत ली जबकि राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी दुती चंद चौथे स्थान पर रहीं। धनश्री ने 11.52 सेकंड का समय निकाला। श्रीलंका की अमाशा डिसिल्वा 11.59 सेकंड के साथ दूसरे और तमिलनाडु की अर्चना सुसींद्रन 11.60 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस सप्ताह की शुरूआत में इंडियन ग्रां प्री 4 में इसी ट्रैक पर 11 . 17 सेकंड का समय निकालने वाली दुती 11 . 62 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
रोड टू टोक्यो सूची में 41वें स्थान पर काबिज दुती का ओलंपिक में खेलना लगभग तय है। टोक्यो में महिलाओं की 100 मीटर रेस में 56 खिलाड़ी भाग लेंगे। पुरूष वर्ग में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने 10.27 सेकंड में सौ मीटर दौड़ जीती। पंजाब के लवप्रीत सिंह दूसरे और ओडिशा के अमिय कुमार मलिक तीसरे स्थान पर रहे। ऊंचीकूद में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस्विन शंकर की ओलंपिक कोटा हासिल करने की उम्मीदें टूट गई जो 2.20 मीटर की कूद ही लगा सके। वह ओलंपिक क्वालीफिकेशन का आखिरी प्रयास करने अमेरिका से यहां आये थे जहां वह कंसास स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं।