महेंद्र सिंह धोनी ने जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने करियर का आगाज किया था तो क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उनकी छवि एक विस्फोटक बल्लेबाज की थी, जो अपने लंबे बालों के साथ मैदान पर उतरता था और अपने आड़े तिरछे शॉट्स से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करता था। महेंद्र सिंह धोनी अपने लंबे बाल और बैटिंक करने के अनोखे अंदाज के कारण ही शुरूआत दिनों में लोगों के बीच चर्चा के केंद्र में बने रहते थे। किसी को नहीं मालूम था कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब धोनी को उनकी बैटिंग के लिए नहीं बल्कि मैदान पर अपनी नेतृत्व क्षमता के कारण विश्व क्रिकेट में इतना सम्मान मिलेगा। लेकिन, 12 साल बाद सबकुछ बदल गया है और महेंद्र सिंह धोनी अब विस्फोटक बल्लेबाज के तौर पर कम और भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान के रूप में ज्यादा प्रसिद्ध हैं।
लेकिन, करीब 9 सालों तक कप्तान के रूप में जिम्मेदारी के साथ बैटिंग करने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने अपने शॉट्स खेलने के अंदाज में कोई बदलाव नहीं किया। इसी वजह से वो भारत के सबसे सफल कप्तान बनने के साथ ही वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। जी हां, महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे क्रिकेट में 200 से ज्यादा छक्के लगा लिए हैं और अब वो इस मामले में भारतीय बल्लेबाजों में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। विश्व क्रिकेट में वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी (351) पहले, सनथ जयसूर्या (270) दूसरे और क्रिस गेल (238) तीसरे स्थान पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। हम आपको वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले शीर्ष 10 बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं…
इस मामले में एमएस धोनी 286 एकदिवसीय मैचों में 204 छक्के लगाकर पहले स्थान पर हैं। दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 463 एकदिवसीय मुकाबलों में 195 छक्के लगाए हैं। इस सूची में भारत के सफलतम कप्तानों में से एक सौरव गांगुली तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 308 एकदिवसीय मुकाबलों में 189 छक्के लगाए हैं। युवराज सिंह 296 वनडे मुकाबलों में 153 छक्के लगाकर इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। वीरेंद्र सहवाग 251 वनडे मैचों में 136 छक्के लगाकर इस सूची में पांचवें नंबर पर हैं। सुरेश रैना 223 मैचों में 120 छक्के लगाकर छठे, रोहित शर्मा 153 वनडे मैचों में 117 छक्के लगाकर सातवें, रवींद्र जडेजा 196 वनडे मुकाबलों में 85 छक्के लगाकर आठवें, विराट कोहली 178 मुकाबलों में 81 छक्के लगाकर नौवें और मोहम्मद अजहरुद्दीन 334 मैचों में 77 छक्के लगाकर दसवें स्थान पर हैं।
वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले शीर्ष 10 भारतीय बल्लेबाज
