इंजीनियरिंग और कानून की पढ़ाई करने के बाद अभिषेक वर्मा ने अपना सब कुछ दांव पर लगाकर निशानेबाजी में हाथ आजमाने का फैसला किया। उसके बाद अभिषेक ने सिर्फ एक साल के भीतर भारतीय टीम में जगह बनाने का अपने पिता से किया वादा पूरा किया। साथ ही, सिर्फ पांच साल के भीतर विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष स्थान हासिल करने के साथ ही तोक्यो ओलंपिक का टिकट भी पक्का कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी संघ की आधिकारिक साइट पर 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा के पुरुष वर्ग की वरीयता सूची में लिखे नाम हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर देते हैं। विश्व वरीयता क्रम में 1589 अंकों के साथ अभिषेक वर्मा का नाम पहले स्थान पर लिखा दिखाई देता है और उसके ठीक नीचे 1500 अंकों के साथ सौरभ चौधरी का नाम है। इन दोनों के नाम के सामने चमकती तिरंगे की छवि देश के खेल प्रेमियों को तोक्यो ओलंपिक में कुछ सुनहरी सौगात मिलने की उम्मीद जगाती है।
एक अगस्त 1989 को हरियाणा के पानीपत में जन्मे अभिषेक वर्मा के पिता पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में न्यायाधीश हैं। 2017 में जब उनके पुत्र ने वकालत की तरफ जाने की बजाय शूटिंग रेंज की तरफ कदम बढ़ाने का फैसला किया तो पिता ने उन्हें रोका तो नहीं, हां ये वादा जरूर ले लिया कि अगर एक साल में भारतीय निशानेबाजी टीम में जगह नहीं बना पाए तो अदालत की राह पकड़नी होगी। अभिषेक कहते हैं कि किसी औपचारिक प्रशिक्षण के बिना ही वे निशानेबाजी में बहुत अच्छे थे और उन्हें पूरा विश्वास था कि अगर सही मार्गदर्शन मिला तो उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। भोंडसी, गुरुग्राम की एकलव्य शूटिंग अकादमी में उन्होंने ट्रायल दिया और कोच ओमेंद्र सिंह ने उनकी प्रतिभा को तत्काल पहचान लिया। उस समय गुरु और शिष्य में से कोई यह नहीं जानता था कि अभिषेक विश्व कप स्पर्धाओं और एशियाई कप में स्वर्ण पदकों की सीढ़ी बनाकर विश्व में पहले नंबर के खिलाड़ी बन जाएंगे।
अकादमी में आने के बाद का एक वर्ष अभिषेक की मेहनत, लगन, आत्मसंयम और अनुशासन की कहानी सुनाता है। खुद को सारी दुनिया से अलग कर वे अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना लगाने की कोशिश में लग गए। सुबह सात बजे बिना कुछ खाए रेंज पर पहुंचते और शाम तक अभ्यास करते। बस एक ही धुन कि निशानेबाजी में कुछ करके दिखाना है। अभ्यास शुरू करने के छह माह के भीतर ही नॉर्थ जोन के एक निशानेबाजी मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का हक हासिल किया और फिर एक बरस से भी कम समय में भारतीय निशानेबाजी टीम में जगह बना ली।
2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में 16 बरस के सौरभ चौधरी ने स्वर्ण जीता और अभिषेक वर्मा को कांस्य पदक हासिल हुआ। यह अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी के नक्शे पर उनका पहला सटीक निशाना था। यहां से अभिषेक और सौरभ के रूप में भारत को निशानेबाजों की एक बेमिसाल जोड़ी मिल गई। इन दोनों ने आइएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर देश में निशानेबाजी का भविष्य उज्ज्वल होने का संकेत दे दिया।