शाहीन अफरीदी का नहीं चला जादू: इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट लीग ‘द हंड्रेड’ के तीसरे संस्करण की शुरुआत एक अगस्त 2023 से हुई। टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में बारिश ने खलल डाला। इस मैच का नतीजा डकवर्थ लुईस पद्धित के आधार पर निकाला गया। वेल्स फायर ने मैनचेस्टर ओरिजिनल्स को 9 रन से हरा दिया। दुनिया के दिग्गज तेज गेंदबाजों में शुमार वेल्स फायर के शाहीन अफरीदी की टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। वहीं, जोस बटलर की अगुआई वाली मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की टूर्नामेंट में हार के साथ शुरुआत हुई।

मैच की पहली 2 गेंद पर ही झटक लिए 2 विकेट

शाहीन अफरीदी ने मैच की पहली 2 गेंद पर विकेट लेकर विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी थी। हालांकि, इसके बाद मैक्स होल्डन ने उनकी अगली 8 में से 5 गेंदों को सीमा रेखा के पार भेज दिया। शाहीन अफरीदी ने इस तरह 10 गेंद में 24 रन लुटाए। टॉम एबेल (Tom Abell) की अगुआई वाली वेल्स फायर के डेविड विले ने 10 गेंद में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। हालांकि, हारिस रऊफ और डेविड पेन के हाथ कोई सफलता नहीं लगी।

शाहीन अफरीदी की 10 गेंदों की बात करें तो उन्होंने फिलिप साल्ट और लॉरी इवांस को पवेलियन की राह दिखाई थी। इसके बाद मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के मैक्स होल्डन बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने शाहीन अफरीदी की तीसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला।

मैक्स होल्डन ने ठोके लगातार 4 चौके

शाहीन अफरीदी की चौथी गेंद डॉट रही। इसके बाद मैक्स होल्डन ने पांचवीं, छठी, सातवीं, आठवीं गेंद पर चौके लगाए। उन्होंने 9वीं गेंद पर 2 रन लेकर स्ट्राइक अपने पास ही रखी। मैक्स होल्डन ने शाहीन अफरीदी की 10वीं गेंद पर फिर से चौका जड़ दिया।

कार्डिफ के सोफिया गार्डंस पर खेला गया यह मैच 40-40 गेंद का कर दिया गया था। वेल्स फायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद में 3 विकेट पर 94 रन बनाए। ल्यूक वेल्स ने 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 23 गेंद में 57 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स 12 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स 40 गेंद में 4 विकेट पर 85 रन ही बना पाई। मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से जोस बटलर और मैक्स होल्डन ने सबसे ज्यादा 37-37 रन बनाए। बटलर 18 गेंद में 2 चौके और 3 छक्के लगाए। मैक्स होल्डन ने 18 गेंद में 7 चौके लगाए।