सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2023 के ऑक्शन में एक बड़ी रकम खर्च करके इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को अपनी टीम में शामिल किया था। ब्रूक के बल्ले से एक शतक निकला लेकिन वह कुल मिलाकर केवल 190 रन ही बना पाए। आईपीएल में शतक लगाने के बाद ब्रूक ने द हंड्रेड में भी तूफानी शतक जड़ दिया है। हालांकि वह फिर भी टीम को जीत नहीं दिला सके।
हैरी ब्रूक की तूफानी पारी
नॉदर्न सुपरचार्जर्स और वेल्श फायर इनिंग्स के बीच लीड्स में मुकाबला खेला गया। सुपरचार्जर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 100 गेंदों में सात विकेट खोकर 158 रन बनाए। इन 158 में से 105 रन अकेले हैरी ब्रूक ने बनाए। 250.00 के स्ट्राइक से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 11 चौके और सात छक्के लगाए। ब्रूक के अलावा केवल एडम होस ही दहाई का आंकड़ा छू सके। दो बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
अकेले लड़ते रहे हैरी ब्रूक
ब्रूक अकेले ही लड़ते रहे लेकिन उनकी मेहनत बेकार हो गई। वेल्श फायर ने महज 90 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए स्टेफन एसकिनाजी ने 58 और जॉनी बेयरस्टो ने 44 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज जो क्लार्क ने भी 22 गेंदो में 42 रन का योगदान दिया। हैरी ब्रूक की टीम नॉदर्न सुपर चार्जर्स सातवें स्थान पर हैं। वह अब तक केवल दो ही मैच जीत पाई है। यह उसी लगातार पांचवीं हार थी। वहीं इस जीत के साथ वेल्श फायर की टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
शानदार फॉर्म में हैं हैरी ब्रूक
ब्रूक इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। सात मैचों में उन्होंने 121 गेंदे खेली है जिसमें उन्होंने 238 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं इंग्लैंड के टी20 कप्तान जॉस बटलर। इस तूफानी खिलाड़ी ने 7 मैचों में 166 गेंदे खेली और 253 रन बनाए हैं।
