द हंड्रेड में डेविड वार्नर के पहले अर्धशतक से लंदन स्पिरिट ने कार्डिफ में शनिवार (9 अगस्त) को वेल्श फायर के खिलाफ 8 रन से जीत हासिल की। लंदन स्पिरिट की जीत से जॉनी बेयरस्टो के ताबड़तोड़ नाबाद 86 रनों की पारी पर पानी फिर गया। बेयरस्टो एक तरफ से डटे रहे वहीं दूसरी तरफ से विकेट गिरते रहे। वेल्श फायर ने 47 गेंद पर 6 विकेट गंवा दिए थे। स्कोर 55 रन था।
बेयरस्टो को क्रिस ग्रीन का अच्छा साथ मिला। दोनों के बीच 53 गेंद पर 100 रन की नाबाद साझेदारी हुई। ग्रीन ने 21 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। बेयरस्टो ने 50 गेंद पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 86 रन बनाए। उन्होंने 172 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इससे पहले लंदन स्पिरिट की ओर से डेविड वॉर्नर ने 45 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 155.56 की स्ट्राइक रेट से 70 रन बनाए।
लंदन स्पिरिट ने 5 विकेट पर 163 रन बनाए
वेल्स फायर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। लंदन स्पिरिट ने 5 विकेट पर 163 रन बनाए। इसके जवाब में वेल्श फायर ने 6 विकेट पर 155 रन बनाए। डेविड वॉर्नर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लंदन स्पिरिट की यह पहली जीत थी। वह 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। वेल्स फायर लगातार दूसरा मैच हारकर छठे नंबर पर है।
लंदन स्पिरिट और वेल्स फायर के अगले मैच
लंदन स्पिरिट को अगला मैच मैनचेस्टर ओरिजनल्स से 11 अगस्त से खेलना है। वेल्स फायर को 13 अगस्त को मैनचेस्टर ओरिजनल्स से भिड़ना है। मैनचेस्टर ओरिजनल्स 3 में से 3 मैच हारकर आखिरी पायदान पर है। ओवल इनविंसिबल्स 2 में से 2 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ शीर्ष पर है। ट्रेंट रॉकेट्स दूसरे और नॉर्दन सुपरचार्जर्स तीसरे नंबर पर है।