सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने रविवार को थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेन्स डबल्स का खिताब जीत लिया। रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने फाइनल में दुनिया की नंबर दो जोड़ी और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन चीन के ली जुन हुई और यू चेन लियू की जोड़ी को 21-19, 18-21, 21-18 से हराया। रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पहली भारतीय जोड़ी है, जिसने थाईलैंड ओपन के मेन्स डबल्स का खिताब अपने नाम किया है। रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी दोनों का इस साल का यह पहला खिताब है।
इस जीत के साथ ही रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में ली जुन हुई और यू चेन लियू से मिली हार का बदला भी ले लिया। इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से सिर्फ रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ही खिताब जीत पाए हैं। उनके अलावा थाईलैंड ओपन में साइना नेहवाल, साईं प्रणीत, पारुपल्ली कश्यप और किदांबी श्रीकांत और समीर वर्मा ने भी हिस्सा लिया था, लेकिन सभी का अभियान खिताबी मुकाबले से पहले ही खत्म हो गया था।
सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने करियर में पहली बार सुपर 500 खिताब जीता है। दोनों ने पहले गेम में शानदार शुरुआत की और 11-9 से लीड बनाई। एक समय जुन हुई और यू चेन लियू की जोड़ी ने स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया। यह बराबरी 18-18 के स्कोर तक कायम रही। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने बढ़त बनाई और 21-19 से गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 4-1 से बढ़त बनाई। हालांकि, जुन हुई और यू चेन लियू की जोड़ी वापसी करने में सफल रही और 11-9 से स्कोर अपने पक्ष में कर लिया। यह गेम भारतीय जोड़ी 18-21 से हार गई। आखिरी और डिसाइडर गेम में रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।