वेलिंग्टन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 172 रन से हरा दिया है। 369 के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 196 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने इस मैच में 10 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की इस जीत ने भारत को फायदा पहुंचाया है। दरअसल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की अंक तालिका में भारतीय टीम टॉप पर पहुंच गई है। भारत ने न्यूजीलैंड को शीर्ष से खिसकाया है। न्यूजीलैंड अब दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है।

भारत ने 8 में से जीते हैं 5 टेस्ट मैच

न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद भारत का अंक प्रतिशत (PCT) 64.58 हो गया है। वहीं न्यूजीलैंड का अंक प्रतिशत घटकर 60.00 हो गया है। ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत का भले ही पायदान में फायदा ना हुआ हो, लेकिन इस जीत ने ऑस्ट्रेलिया के अंक प्रतिशत को 55 से बढ़ाकर 59.09 कर दिया है। शीर्ष स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने 8 टेस्ट में 5 जीते हैं और 2 हारे हैं। एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा है।

AUS vs NZ: नाथन लायन की फिरकी में फंसा न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया ने 172 रन से जीता पहला टेस्ट

भारत अगर जीता धर्मशाला टेस्ट तो…

WTC पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम अपनी टॉप पोजिशन को और मजबूत तब कर सकती है जब वह धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट में जीत दर्ज कर लेती है। धर्मशाला में जीत दर्ज करने के बाद भारत का अंक प्रतिशत 68.51 तक पहुंच जाएगा। ऐसे में अगर न्यूजीलैंड क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट जीत भी जाता है तो भी भारत शीर्ष पर बना रहेगा।

वेलिंग्टन टेस्ट में क्या-क्या हुआ?

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 383 रन बनाए थे। कैमरन ग्रीन ने 174 रन की पारी खेली थी। इसके बाद न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी में 179 पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 204 की बढ़त मिली थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 164 रन बनाए जिसके बाद न्यूजीलैंड को 369 का लक्ष्य मिला था। इस मैच में नाथन लियोन ने 10 विकेट चटकाए।