ICC Men’s T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 50 रन के भीतर ही अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। भारत ने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर दीपक हुड्डा के रूप में अपना चौथा विकेट गंवाया था। उस समय तक उसके खाते में सिर्फ 42 रन ही जुड़े थे। भारत के टॉप ऑर्डर को फेल होता देख पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अपना धैर्य खो बैठे।

पाकिस्तानी दिग्गज ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने वीडियो में कहा था कि इंडिया को पाकिस्तान के लिए जीत की जरुरत है और पाकिस्तान को मरवाना नहीं है। ये तो पाकिस्तान को मरवा रहे हैं… चार आउट करवा दिए। पता नहीं आगे क्या होता है?’

पाकिस्तान इस विश्व कप में अब तक 3 मैच में एक में ही जीत हासिल कर पाया है। इस कारण उसका सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल लग रहा है। उसकी क्वालिफिकेशन के लिए भारत की दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ जीत जरुरी है। शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) का ट्विटर पर पोस्ट वह वीडियो आप भी नीचे देख सकते हैं।

शोएब अख्तर की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल है। यूजर्स तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें ढांढस भी बंधाया। लिखा कि अभी सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। हालांकि, पाकिस्तान के कुछ यूजर्स ने भारत के टॉप ऑर्डर फेल होने को गलत रंग देने की कोशिश की। वे यह साबित करना चाहते थे कि भारत पाकिस्तान को टी20 विश्व कप 2022 से बाहर करने के लिए जानबूझकर ऐसा कर रहा है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच की बात करें तो भारत ने 49 रन पर 5 विकेट गंवाने के बावजूद 20 ओवर में 9 विकेट पर 133 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में सूर्यकुमार यादव की अहम भूमिका रही। सूर्यकुमार ने 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 40 गेंद में 68 रन बनाए। विराट कोहली 12 और रोहित शर्मा 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इन तीनों के अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।