T20 World Cup 2022, Scotland vs Zimbabwe, Group B Match: जिम्बाब्वे ने आईसीसी टी20 विश्व कप में ग्रुप बी के आखिरी मैच में स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने टूर्नामेंट के सुपर-12 चरण में प्रवेश किया। होबार्ट के बेलेरिव ओवल मैदान पर खेल गए इस मैच में स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 132 रन बनाए।
जिम्बाब्वे ने 18.3 ओवर में 5 विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीत लिया। जिम्बाब्वे का यह पांचवां टी20 विश्व कप है। इससे पहले वह 4 में से एक बार भी ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब उसने स्कॉटलैंड को हराने के साथ ही पहली बार सुपर-12 के लिए क्वालिफाई किया।
जिम्बाब्वे टी20 विश्व कप 2022 में ग्रुप बी से सुपर-12 में पहुंचने वाली दूसरी टीम है। उससे पहले ग्रुप बी से आयरलैंड पहले ही सुपर-12 के लिए क्वालिफाई कर चुका है। उसने इसी मैदान पर खेले गए मैच में दो बार की टी20 विश्व कप चैंपियन वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया।
जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान क्रेग एर्विन ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। उन्होंने 54 गेंद की अपनी पारी में 6 चौके लगाए। सिकंदर रजा ने 23 गेंद में 40 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। मैच के दौरान यही 2 छक्के लगे। सिकंदर रजा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
इससे पहले स्कॉटलैंट के लिए जॉर्ज मुंसे ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। हालांकि, इसके लिए उन्होंने 51 गेंदें लीं। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने इतनी कसी गेंदबाजी की कि स्कॉटलैंड का एक भी बल्लेबाज छक्का नहीं लगा पाया। जिम्बाब्वे के तेंदई चतरा ने 4 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। सिकंदर रजा ने 4 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया। रिचर्ड नगारवा ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट झटके।
टी20 विश्व कप 2022 की पॉइंट्स टेबल में टीमों की स्थिति जानने के लिए यहां क्लिक करें
स्कॉटलैंड ने 2007 और 2009 टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था। तब वह क्रमशः 10वें और 12वें नंबर पर रहा था। उसने 2016 संस्करण के लिए भी क्वालिफाई किया था।, लेकिन ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया था। टी20 विश्व कप 2021 में उसने सुपर-12 में जगह बनाई थी, तब वह 11वें नंबर पर रहा था।
इस मैच में दोनों टीमों इन खिलाड़ियों के साथ उतरीं। ये रही जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड की प्लेइंग इलेवन:
जिम्बाब्वे की आखिरी एकादश: क्रेग एर्विन (कप्तान), रेजिस चकबवा (विकेटकीपर), वेस्ले मधेवेरे, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, मिल्टन शुम्बा, रयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, रिचर्ड नगारवा, तेंदई चतरा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड मैच का विस्तृत स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें
स्कॉटलैंड की आखिरी एकादश: जॉर्ज मुंसे, माइकल जोंस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), रिची बेरिंगटन (कप्तान), माइकल लीस्क, कैलम मैकलियोड, क्रिस ग्रीव्स, मार्क वाट, जोश डेवी, सफ्यान शरीफ, ब्रैड व्हील।