भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत हासिल की जिसके बाद उनपर इनामों की बारिश हो रही है। महाराष्ट्र सरकार ने अपने टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम में शामिल प्रदेश के चार खिलाड़ियों के लिए इनामी राशि का ऐलान किया लेकिन देश के वर्ल्ड नंबर वन रह चुके बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी को इसमें भेदभाव नजर आया।
महाराष्ट्र के चार खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा थे। कप्तान रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और यशस्वी जायसवाल महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं। सीएम एकनाथ ने चारों खिलाड़ियों के लिए 11 करोड़ रुपए की इनामी राशि का ऐलान किया।
एशियन चैंपियन हैं चिराग शेट्टी
कॉमनवेल्थ चैंपियन, वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट और एशियन गेम्स मेडलिस्ट चिराग शेट्टी के मुताबिक उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जो क्रिकेटर्स को मिला। भारत ने साल 2022 में थॉमस कप का खिताब जीता था। थॉमस का बैडमिंटन का टीम इवेंट हैं जिसे इस खेल का वर्ल्ड कप भी माना जाता है।
सरकार के लिए बराबर नहीं सारे खेल
चिराग शेट्टी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ‘ थॉमस कप जीतना वर्ल्ड कप जीतना जैसा ही है। मैं उस भारतीय टीम का हिस्सा था जिसने पहली बार इंडोनेशिया में थॉमस कप जीता। मैं टीम का इकलौता खिलाड़ी था जो कि महाराष्ट्र से था। अगर महाराष्ट्र की सरकार वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान कर सकते हैं तो उन्हें हमारी मेहनत का भी सम्मान करना चाहिए। सरकार को सभी खेलों को बराबरी से देखना चाहिए।’
हम भी हैं क्रिकेट प्रेमी
चिराग शेट्टी ने साफ किया कि वह भी क्रिकेट प्रेमी हैं लेकिन राज्य सरकार को सभी खेलों को बराबरी पर रखना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं क्रिकेट के खिलाफ नहीं है बल्कि हम सभी बैडमिंटन खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच टीवी पर देखा और जीत का जश्न भी मनाया। हमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार जीत पर गर्व है। इसी तरह हमने भी सफलता हासिल की थी। सरकार ने हमें कैश प्राइज देना तो छोड़ो हमारा सम्मान भी नहीं किया। 2022 से पहले भारत कभी सेमीफाइनल भी नहीं पहुंचा था लेकिन हमने इतिहास रचा।’
चिराग शेट्टी की मेडल कैबिनेट
इवेंट | मेडल | साल |
वर्ल्ड चैंपियनशिप | ब्रॉन्ज | 2022 |
थॉमस कप | गोल्ड | 2022 |
गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स | सिल्वर | 2018 |
बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स | गोल्ड | 2022 |
हांगझू एशियन गेम्स | गोल्ड | 2023 |
एशियन चैंपियनशिप | ब्रॉन्ज (मिक्स्ड टीम) | 2023 |
गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स | गोल्ड (मिक्स्ड टीम) | 2018 |
हांगझू एशियन गेम्स | गोल्ड (मिक्स्ड टीम) | 2023 |
बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स | सिल्वर (मिक्स्ड टीम) | 2022 |