T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच मैच के दौरान आखिरी गेंद पर काफी ड्रामा देखने को मिला। जिम्बाब्वे को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 5 रन चाहिए थे। ब्लेसिंग मुजरबानी क्रीज पर थे। मोसादेक हुसैन ने गेंद डाली और विकेटकीपर नुरुल हुसैन ने स्टंप कर दिया। खिलाड़ी हाथ मिलाकर मैदान के बाहर जाने लगे। सबको लगा बांग्लादेश 4 रन से मैच जीत गया।

फिर कहानी में ट्वीस्ट आया। फील्ड अंपायर मारियास इरासमस और नितिन मेनन ने स्टंपिंग चेक करने के लिए थर्ड अंपायर के पास भेजा। रिप्ले में पता चला नुरुल ने स्टंप के आगे गेंद पकड़ ली थी। ऐसे में बल्लेबाज को नॉट आउट दिया गया। साथ में नो बॉल हुई। इसके बाद खिलाड़ी मैदान पर फिर वापस आए और आखिरी गेंद फेंकी गई। इस गेंद पर कोई रन नहीं बना और बांग्लादेश को 3 रन से जीत मिली।

क्या है नियम

नुरुल की गलती बांग्लादेश को महंगी पड़ सकती थी। अगर मुजरबानी ने इस गेंद पर चौका लगा दिया होता तो जिम्बाब्वे यह मैच जीत जाती, लेकिन मोसादेक ने कोई रन नहीं दिया। एमसीसी का नियम 27.3 विकेटकीपर के पोजिशन से जुड़ा है। 27.3.1 नियम के अनुसार विकेटकीपर को गेंद फेंके जाने के बाद से स्ट्राइकर छोर पर विकेट के पीछे तब तक रहना होता है जब तक कि गेंद बल्ले या स्ट्राइकर को नहीं छूती है या विकेट को क्रॉस नहीं कर जाती या स्ट्राइकर दौड़ने का प्रयास नहीं करता। 

हसन ने गेंद को आगे पकड़ा

27.3.2 नियम के अनुसार अगर विकेटकीपर नियम का उल्लंघन करता है तो अंपायर इसे नो बॉल देता है। इस मामले में हसन को क्रिस गैफनी ने विकेट के आगे से गेंद पकड़ते हुए पाया और इसके कारण अंपायर इरासमस ने नियम 27.3.2 के अनुसार नो बॉल दिया। इस जीत के साथ बांग्लादेश ग्रुप-2 में 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।