T20 World Cup 2022, Namibia vs United Arab Emirates: आईसीसी टी20 विश्व कप के राउंड-1 में गुप-ए के आखिरी मैच में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने नामीबिया को 7 रन से हरा दिया। इसके साथ ही ग्रुप ए से श्रीलंका और नीदरलैंड ने सुपर-12 के लिए क्वालिफाई कर लिया। यूएई ने श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली नामीबिया को149 रन का टारगेट दिया था।

जीलॉन्ग के साइमंड्स स्टेडियम में खेले गए मैच में यूएई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। उसने 20 ओवर में 3 विकेट पर 148 रन बनाए। नामीबिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 141 रन ही बना पाई। उसकी ओर से डेविड विसे ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 36 गेंद में 55 रन की पारी खेली। जब तक वह क्रीज पर थे, तब तक नामीबिया की जीत की उम्मीद बरकरार थी। वह 20वें ओवर की चौथी गेंद पर मुहम्मद वसीम की गेंद पर अलीशान शर्फू को कैच बैठे। इसके साथ ही नामीबिया की उम्मीदें खत्म हो गईं। यह मुकाबला सुपर-12 में क्वालिफिकेशन के हिसाब से काफी अहम था।

यूएई की धीमी शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम को मुहम्मद वसीम और वृत्य अरविंद ने धीमी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 8.1 ओवर में 39 रन बनाए। अरविंद 32 गेंदों पर 21 रन बनाकर बर्नार्ड शोल्ट्ज का शिकार बने। वसीम 41 गेंदों पर 50 रन बनाकर बेन शिकोंगो की गेंद पर आउट हुए। अलीशन शरफू 4 रन बनाकर डेविड विसे की गेंद पर आउट हुए। चुन्दंगापॉयल रिजवान और ने 29 गेंदों पर 43 और बसिल हमीद ने 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

रिजवान और हमिद ने दो ओवर में ठोके 33 रन

यूएई की टीम एक का स्कोर 18 ओवर में 3 विकेट पर 115 रन था और ऐसा लग रहा था कि टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाएगी। इसके बाद चुन्दंगापॉयल रिजवान और बसिल हमिद ने आखिरी दो ओवर में 33 रन ठोक दिए। डेविड विसे के 19 वें ओवर में 12 रन बने। इसमें एक चौका और छक्का लगा। आखिरी ओवर में जेजे स्मित की जमकर कुटाई हुई। इस ओवर में 21 रन बने। इसमें दो छक्का और एक चौका लगा।