टी20 क्रिकेट में नया ट्रेंड देखने को मिला है। 2026 में 13 दिन के अंदर 7 खिलाड़ी रिटायर्ड आउट हुए हैं। इसका ताजा मामला मंगलवार (13 जनवरी) को विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) में डीवाई पाटिल स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ गुजरात जायंट्स (GG) की पारी के दौरान देखने को मिला। आयुषी सोनी इस लीग में रिटायर्ड आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
सोनी के रिटायर होने के बाद मैदान पर आईं भारती फुलमाली ने 15 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। जॉर्जिया वेयरहम के साथ उनकी 56 रन की पार्टनरशिप की बदौलत गुजरात जायंट्स का स्कोर 5 विकेट पर 192 रन तक पहुंच गया। इससे पहले सोनी नंबर 6 पर बैटिंग करने आईं और रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। वह 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर खेल रही थीं और उन्होंने एक भी बाउंड्री नहीं लगाई थी। 16वें ओवर के आखिर में जायंट्स ने उन्हें रिटायर्ड आउट किया उस समय स्कोर 5 विकेट पर 136 रन था।
रिटायर्ड आउट के बढ़ते मामले
महिला फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में दूसरी बार कोई खिलाड़ी रिटायर्ड आउट आउट हुई। इससे पहले 2024 में विमेंस हंड्रेड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के खिलाफ मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के लिए कैथरीन ब्राइस का रिटायर्ड आउट हुई थीं। 2026 में पुरुष टी20 क्रिकेट में अब तक छह खिलाड़ी रिटायर्ड आउट हो चुके हैं। इसमें न्यूजीलैंड की सुपर स्मैश में एक ही पारी में दो खिलाड़ी रिटायर्ड आउट हुए। हाल ही में बीबीएल 2026 में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को मेलबर्न रेनेगेड्स ने सिडनी थंडर के खिलाफ रिटायर्ड आउट कर दिया था।
13 दिन में ये खिलाड़ी हुए रिटायर्ड आउट
आयुषी सोनी, गुजरात जायंट्स, डब्ल्यूपीएल।
मोहम्मद रिजवान, मेलबर्न रेनेगेड्स, बीबीएल।
टिम प्रिंगल, नॉदर्न डिस्ट्रिक्ट, सुपर स्मैश।
रस्टन चेज, प्रिटोरिया कैपिटल्स, एसए 20।
जीत रावल, नॉदर्न डिस्ट्रिक्ट, सुपर स्मैश।
जेवियर बेल, नॉदर्न डिस्ट्रिक्ट, सुपर स्मैश।
निक मैडिनसन, सिडनी थंडर, बीबीएल।
