भारत की टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे और उनके साथी खिलाड़ी सूर्य कुमार यादव को शनिवार (3 मार्च) को टी20 मुंबई लीग के लिए 7 लाख रुपये में खरीदा गया। उन्हें मुंबई नॉर्थ और मुंबई नॉर्थ ईस्ट टीमों ने अपने आइकॉन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा। खिलाड़ियों के लिए नीलामी 11 से 21 मार्च के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगी। मुंबई नॉर्थ वेस्ट ने रोहित शर्मा को 6 लाख रुपये में खरीदा। रोहित शर्मा श्रीलंका के साथ खेली जाने वाली 3 टी20 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे। इन मैचों के लिए कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। श्रीलंका के साथ 6 से 18 मार्च के बीच मैच होने हैं, इसलिए रोहित शर्मा का टी20 मुंबई लीग में खेला जाना तय नहीं माना जा रहा है। मुंबई नॉर्थ सेंट्रल ने टीम इंडिया के खिलाड़ी श्रेयश अय्यर को 5 लाख रुपये में अपनी टीम के आइकॉन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा। रहाणे की तरह अय्यर भी श्रीलंका के साथ खेली जाने वाली टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।

सीनियर ऑलराउंडर अभिषेक नायर को मुंबई साउथ ने अपने आइकॉन खिलाड़ी के तौर पर 4 लाख रुपये में चुना है, जबकि मुंबई के लगातार मध्य-क्रम के बल्लेबाज सिद्धेश लाड को मुंबई साउथ सेंट्रल ने 4 लाख रुपये में अपने आइकॉन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा है। पृथ्वी शॉ को मुंबई नॉर्थ ने 2.80 लाख रुपये में खरीदा है। तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने 1.50 लाख रुपये में खरीदा है। हर टीम को अपने लिए एक आइकॉन खिलाड़ी चुनना होता है और पांच ऐसे खिलाड़ी रखने होते हैं जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेल चुके हों।

मुंबई नॉर्थ ने पूर्व भारतीय विकेटकीपर समीर दिघे को अपनी टीम का मेंटर बनाया है। टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली मुंबई साउथ सेंट्रल के लिए मेंटर की भूमिका में होंगे, जबकि पूर्व भारतीय ओपनर लालचंद राजपूत मुंबई नॉर्थ ईस्ट के लिए मेंटर होंगे। टी20 लीग प्रोबेबिलिटी स्पोर्ट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के तत्वाधान में खेली जाएगी।