आरसीबी की टीम के लिए आईपीएल 2023 का सीजन अच्छा नहीं रहा था। वह प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर सकी थी। हालांकि टीम का स्टार बल्लेबाज अब टी20 ब्लास्ट में कमाल कर रहा है। हम बात कर रहे हैं विल जैक्स की जिन्होंने गुरुवार को इस लीग में एक ओवर में पांच छक्के लगाकर तूफान मचा दिया। इस खिलाड़ी ने केकेआर के रिंकू सिंह वाला कारनामा दोहराया।
विल जैक्स पर आरसीबी ने लगाया था दांव
विल के लिए आरसीबी ने आईपीएल 2023 के ऑक्शन में 3.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि विल लीग का एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। चोटिल होने के कारण वह पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। आईपीएल की पूरी कसर वह टी20 ब्लास्ट में पूरी कर रहे हैं। विल टी20 ब्लास्ट में सर्ऱे की ओर से खेलते हैं। गुरुवार को इस टीम का मुकाबला मिडलसेक्स से था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सर्रे ने सात विकेट खोकर 252 रन बनाए थे। विल जैक्स ने यहां 45 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 8 चौके और सात छक्के शामिल थे। इसी दौरान आरसीबी के इस खिलाड़ी ने एक ओवर में पांच छक्के भी लगाए।
विल जैक्स ने एक ओवर में लगाए पांच छक्के
11वां ओवर करने ल्यूक होलमैन को शायद ही इस बात की उम्मीद थी। पहली गेंद पर जैक्स ने पुल करते हुए डीप मिड विकेट पर छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने पहले छक्कों की हैट्रिक लगाई। चौथी गेंद पर डीप एक्सट्रा कवर पर छक्का जमा दिया। ल्यूक सबकुछ ट्राय कर रहे थे लेकिन विल का बल्ला रुक ही नहीं रहा था। पांचवीं गेंद पर उन्होंने लॉन्ग ऑन पर छक्का जड़ दिया। फैंस को लगने लगा था कि शायद अब एक ओवर में छह छक्के वाला कारनामा देखने को मिलेगा लेकिन विल जैक्स चूक गए। लो फुट टॉस गेंद को ठीक टाइमिंग के साथ नहीं खेल पाए। इस गेंद पर एक ही रन आया।
252 रन बनाकर भी हार गई सर्रे
विल जैक्स के अलावा लौरे इवांस ने भी कमाल की बल्लेबाजी की थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी की थी। टीम ने 252 रन बनाए लेकिन फिर भी हार गए। मिडिलसेक्स के स्टेफन एककिंजी, मैक्स होल्डन के अर्धशतक के दम पर चार गेंदे रहते हुए ही 254 का स्कोर चेज कर लिया। मिडिलसेक्स ने यह कमाल पारी में 8 छक्के लगाकर किया। इस दौरान उन्होंने केवल तीन ही विकेट खोए। यह टी20 ब्लास्ट के इतिहास का सबसे बड़ा चेज था। साथ ही 14 मैचों में लगातार हार के बाद पहली जीत भी।