अबुधाबी टी20 लीग में शनिवार (30 जनवरी) को तीन मैच खेले गए। बांग्ला टाइगर्स ने मराठा अरेबियन्स, कलंदर्स ने टीम अबुधाबी और नॉर्दर्न वॉरियर्स ने दिल्ली बुल्स को हराया। जीत के बाद नॉर्दर्न की टीम ग्रुप ए में दूसरे और बांग्ला टाइगर्स तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, कलंदर्स लगातार दूसरी जीत के बाद ग्रुप-बी में पहले स्थान पर है। टीम अबुधाबी की ये लगातार दूसरी हार है। वह इस सीजन में एक भी मैच नहीं जीतने वाली इकलौती टीम है। इस टीम में क्रिस गेल जैसे धुरंधर क्रिकेटर हैं।

टूर्नामेंट के 7वें मैच में बांग्ला टाइर्स ने मराठा अरेबियन्स के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मराठा की टीम ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 103 रन बनाए। उसके लिए मोहम्मद हफीज ने 30 गेंद पर नाबाद 61 और अब्दुल शकूर ने 30 गेंद पर नाबाद 34 रन बनाए। हफीज ने अपनी पारी में 7 चौके और तीन छक्का लगाया। उन्होंने 26 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। जवाब में बांग्ला टाइगर्स ने 8 ओवर में 4 विकेट पर 105 रन बना लिए। उसके लिए आंद्रे फ्लेचर ने 16 गेंद पर 31, जॉनसन चार्ल्स ने 11 गेंद पर 23, आफिफ हुसैन ने 10 गेंद पर और चिराग सुरी ने 7 गेंद पर 19 रन बनाए। टीम ने यह मैच 6 विकेट से अपने नाम किया।

8वें मैच में टीम अबुधाबी के खिलाफ कलंदर्स ने गेंदबाजी चुनी। टीम अबुधाबी ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 100 रन बनाए। उसके लिए जो क्लार्क ने 13 गेंद पर 34 और पॉल स्टर्लिंग ने 16 गेंद पर 29 रन बनाए। विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप रहे। वे 6 गेंद पर 5 रन बनाकर आउट हुए। शाहिद अफरीदी ने दो विकेट चटकाए। 101 रन के लक्ष्य को कलंदर्स ने 8.2 ओवर में 1 विकेट पर 104 रन बनाकर हासिल कर लिया। उसके लिए शर्जील खान ने 21 गेंद पर नाबाद 40 रन बनाए। टॉम बैंटन ने 14 गेंद पर 30 और सोहैल अख्तर ने 17 गेंद पर नाबाद 27 रन बनाए। अफरीदी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टूर्नामेंट के 9वें मुकाबले में दिल्ली बुल्स ने नॉर्दर्न वॉरियर्स के खिलाफ गेंदबाजी चुनी। नॉर्दर्न ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 137 रन बना दिए। उसके लिए कप्तान निकोलस पूरन ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 21 गेंद पर 54 रन ठोक दिए। इस दौरान 5 छक्के और 5 चौके लगाए। उन्होंने 16 गेंद पर अर्धशतक लगाया। रोवमन पॉवेल ने 8 गेंद पर 24, फैबियन एलेन ने 10 गेंद पर 28 और ब्रैंडन किंग ने 15 गेंद पर 18 रन बनाए। लेंडल सिमंस खाता नहीं खोल सके। 138 रन के पहाड़ लक्ष्य के सामने दिल्ली की टीम 10 ओवर में 7 विकेट पर 105 रन ही बना सकी। उसके लिए रवि बोपारा ने सबसे ज्यादा 15 गेंद पर 36 रन बनाए। कप्तान ड्वेन ब्रावो खाता भी नहीं खोल सके।