सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) 2021 में 13 जनवरी को सौराष्ट्र ने विदर्भ को 79 रन से हरा दिया। इस मैच में पहले सौराष्ट्र के ओपनर अवि बरोट और मध्यक्रम के बल्लेबाज प्रेरक मांकड़ और अर्पित वसवदा ने गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। बाद में प्रेरक और चेतन सकारिया ने 9 विकेट लेकर विदर्भ के बल्लेबाजों की रीढ़ ही तोड़ दी। प्रेरक ने 4 विकेट भी लिए, जबकि चेतन ने 5 विकेट चटकाए। चेतन ने एक ओवर में 4 विकेट लिए। हालांकि, वह हैट्रिक नहीं बना पाए।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी में बुधवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में सौराष्ट्र और विदर्भ के बीच मैच खेला गया। इस मैच में विदर्भ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 233 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ की टीम 17.2 ओवर में 154 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रेरक ने 4 ओवर में 48 रन देकर 4 विकेट लिए। चेतन ने 4 ओवर में महज 11 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उन्होंने एक ओवर मेडन भी फेंका। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में 4 विकेट लिए और सिर्फ 3 रन दिए।

इससे पहले अवि बरोट ने 13 चौके और 4 छक्के की मदद से 44 गेंद में 93 रन की पारी खेली। अवि ने अर्पित (39 रन, 20 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) के साथ मिलकर विदर्भ के अथर्व तायडे के एक ओवर में 32 रन बटोरे। इसमें से अवि के बल्ले से 5 गेंद में 25 रन निकले। अर्पित ने भी एक गेंद में 6 रन बनाए। एक रन नो बॉल से मिला। प्रेरक मांकड़ (59 रन, 26 गेंद, 6 चौके, 4 छक्के) ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। प्रेरक ने 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

एक समय सौराष्ट्र का स्कोर 14 ओवर में 3 विकेट पर 145 रन था। उस समय अवि 33 गेंद में 56 और अर्पित 13 गेंद में 18 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी हो चुकी थी। तभी विदर्भ के कप्तान गणेश सतीश ने 15वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी अथर्व तायडे को दी। इसके बाद तो मैच की तस्वीर ही बदल गई और सौराष्ट्र ने 200 से ज्यादा का विशालकाय स्कोर खड़ा कर दिया।

अवि ने अथर्व तायडे की पहली गेंद लॉन्ग ऑफ के ऊपर से खेली। गेंद सीधा बाउंड्री के बाहर जाकर गिरी और अंपायर ने 6 रन का इशारा किया। अगली गेंद पर इनसाइड आउट स्ट्रोक खेलते हुए अवि ने पॉइंट और कवर के बीच से चौका मारा। अवि ने तीसरी गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव लगाया। बाएं हाथ के स्पिनर अथर्व तायडे के हाथ लगाने से गेंद की स्पीड तो कम हुई, लेकिन फिर गेंद बाउंड्री के पार चली गई। अथर्व तायडे ने चौथी गेंद फुल टॉस फेंकी। अवि ने इसे भी नहीं बख्सा और छक्का जड़ दिया।

पांचवीं गेंद पर अवि ने फिर चौका जड़ा। पांच गेंद पर 24 रन पड़ जाने के बाद अथर्व तायडे खासे दबाव में दिखे। उन्होंने अगली गेंद नोबॉल कर दी। हालांकि, तब तक अवि एक रन दौड़ चुके थे। ओवर की आखिरी गेंद खेलने के लिए स्ट्राइक अर्पित के पास थी। अर्पित ने भी अथर्व पर कोई रहम नहीं दिखाया। उन्होंने डीप स्क्वयार लेग के ऊपर से छक्का जड़ दिया।