ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर और दुनिया के महान स्पिनरों में से एक शेन वॉर्न ने शुक्रवार को 52 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके निधन पर पूरे क्रिकेट जगत ने शोक व्यक्त किया था। इसी बीच दिग्गज भारतीय क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। लेकिन एक न्यूज चैनल पर उन्होंने वॉर्न को महानतम खिलाड़ी मानने से इंकार कर दिया था।
सुनील गावस्कर के इस बयान के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने उनके बयान की टाइमिंग को लेकर निंदा की थी। सोशल मीडिया पर भी दिग्गज भारतीय को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था। जिसे लेकर लिटिल मास्टर ने इंस्टाग्राम पर सोमवार रात एक वीडियो जारी किया और अपनी सफाई दी।
वीडियो में सुनील गावस्कर ने कहा कि,’पिछला हफ्ता क्रिकेट जगत के लिए काफी दुखदायी रहा। 24 घंटे के अंदर हमने दुनिया के दो दिग्गज क्रिकेटरों को खोया। पहले रोडनी मार्श और फिर शेन वॉर्न। इसके बाद टीवी चैनल पर एंकर ने मुझसे पूछा कि क्या शेन वॉर्न महानतम खिलाड़ी थे? जिसका मैंने ईमानदारी से जवाब दिया।’
उन्होंने आगे कहा कि,’ऐसा सवाल पूछा नहीं जाना चाहिए था और ना ही उसका जवाब दिया जाता। क्योंकि वह समय किसी की तुलना का नहीं था। शेन वॉर्न एक दिग्गज क्रिकेटर थे जिन्होंने क्रिकेट को आगे बढ़ाया और रोडनी मार्श अपने समय के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों में से एक थे। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं दोनों की आत्मा को शांति मिले।’
गावस्कर ने पहले क्या कहा था?
सुनील गावस्कर ने ‘इंडिया टुडे’ से शेन वॉर्न के महानतम खिलाड़ी होने वाले सवाल पर कहा था कि, ‘मैं ऐसा नहीं कहूंगा। मेरी नजर में भारतीय स्पिनर और मुथैया मुरलीधरन उनसे बेहतर हैं। इसका कारण यह है कि भारत के खिलाफ शेन वॉर्न का रिकॉर्ड औसत रहा है। भारत में उन्होंने एक ही बार नागपुर में पांच विकेट लिए थे।’ हालांकि, उन्होंने बाद में वॉर्न की स्पिन गेंदबाजी की तारीफ भी की थी।
गौरतलब है कि शेन वॉर्न का 4 मार्च 2022 को थाईलैंड में निधन हो गया था। वह सिर्फ 52 साल के थे और अभी तक सामने आईं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी मौत को नेचुरल डेथ माना जा रहा है। वह थाईलैंड के एक विला में अपने दोस्तों के साथ छुट्टी मनाने गए थे। उनके कमरे में उन्हें अचेत पाया गया था और प्रारंभिक कारण उनके निधन के लिए हार्ट अटैक बताया जा रहा था।