भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान व देश के सबसे चहेते फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने 39 साल की उम्र में फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया। सुनील छेत्री ने अपने 19 साल के करियर के दौरान देश के फुटबॉल प्रेमियों को कई बार मुस्कुराने का मौका दिया जिसे कभी भी नहीं भूला जा सकता है।
सुनील ने ना सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर बल्कि एक कप्तान के रूप में भी भारतीय फुटबॉल टीम के लिए बेहतरीन काम किया। सुनील की कप्तानी में भारतीय फुटबॉल ने नई ऊंचाईयों को छूआ साथ ही साथ इस टीम ने कई खिताब भी अपने नाम किए। सुनील ने भारत के लिए पहली बार साल 2005 में इंटरनेशनल स्तर पर डेब्यू किया था और उनके पैरों से पहला गोल भी इसी टीम के खिलाफ निकला था।
पाकिस्तान के खिलाफ सुनील ने किया था पहला गोल
सुनील छेत्री ने साल 2005 में भारत के लिए इंटरनेशनल फुटबॉल सर्किट में कदम रखा था और उनका पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ था। कमाल की बात ये रही थी कि भारत को इस मैच में जीत मिली थी और सुनील ने पाकिस्तान के विरुद्ध एक गोल इस मैच में किया था। यानी उनका पहला इंटरनेशनल गोल पाकिस्तान के खिलाफ ही हुआ था। सुनील ने भारत के लिए कुल 150 मैच खेले थे इन मैचों में उन्होंने कुल 94 गोल किए थे साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने कुल 4 गोल दागे थे। सुनील ने अपने इंटरनेशनल करियर में सबसे ज्यादा 9 गोल नेपाल के खिलाफ, उसके बाद मालदीव के खिलाफ 8 गोल जबकि बांग्लादेश और चाईनीज ताईपे के विरुद्ध भी इतने ही गोल किए थे। अफगानिस्तान, तजाकिस्तान और कंबोडिया के खिलाफ उन्होंने 5-5 गोल दागे थे।
भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल सुनील ने किया
इंटरनेशनल फुटबॉल में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा गोल (94) करने का रिकॉर्ड भी सुनील छेत्री के नाम पर ही दर्ज है साथ ही साथ वो इंटरनेशल फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। सुनील भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच (150) खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं साथ ही साथ वो तीन अलग-अलग महाद्वीपों में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी हैं। सुनील भारत के लिए सबसे ज्यादा हैट्रिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे और ऐसा कमाल उन्होंने अपने करियर के दौरान 4 बार किया था।
रिकॉर्ड 7 बार जीता एआईएफएफ प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब
एएफसी प्रतियोगिताओं में भारत के लिए सर्वाधिक गोल (19) करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम पर दर्ज है तो वहीं सैफ चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा गोल (23) करने का कीर्तिमान भी उनके नाम पर ही है। इंडियन सुपर लीग में पहला हैट्रिक गोल दागने वाले भारतीय खिलाड़ी भी सुनील छेत्री ही थे जबकि इस लीग में उन्होंने सबसे ज्यादा दो बार बतौर भारतीय खिलाड़ी हैट्रिक गोल दागे थे। सुनील छेत्री खेल रत्न पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर थे जबकि उन्होंने रिकॉर्ड 7 बार एआईएफएफ प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब जीता था। सुनील ने खेल रत्न के अलावा अर्जुन अवॉर्ड, पद्मश्री अवॉर्ड भी जीते थे।