क्रिकेट साउथ अफ्रीका 4 डे सीरीज टूर्नामेंट में गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने पहला तिहरा शतक जड़ दिया। स्टब्स साउथ अफ्रीका में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी लगाने वाले 11वें बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वॉरियर्स के लिए खेलते हुए KwaZulu-Natal Inland के खिलाफ 372 गेंदों में नाबाद 302 रन की पारी खेली। स्टब्स ने अपनी पारी में 37 चौके और 6 छक्के लगाए।
स्टब्स ने भारत के खिलाफ किया था डेब्यू
ट्रिस्टन स्टब्स इस टूर्नामेंट के पांच मैचों में 2 शतक लगा चुके हैं और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। पिछले महीने ही भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले स्टब्स ने पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए 8 घंटे 19 मिनट के अंदर अपनी ट्रिपल सेंचुरी पूरी कर ली। अफ्रीका का यह विकेटकीपर बल्लेबाज आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा है। उनके फॉर्म को देखते हुए यह माना जा रहा है कि स्टब्स दिल्ली कैपिटल्स में ऋषभ पंत की जगह विकेटकीपिंग करते हुए भी दिख सकते हैं।
बावुमा की जगह टीम में आए थे स्टब्स
ट्रिस्टन स्टब्स पिछले साल जुलाई में श्रीलंका का दौरा करने वाली दक्षिण अफ्रीका की ए टीम का हिस्सा थे, जहां कोलंबो में उन्होंने शतक लगाया था। इसके बाद ही उन्हें भारत के खिलाफ सीनियर टीम में शामिल किया गया था। स्टब्स को टीम में बावुमा के चोटिल होने के बाद मौका मिला था। स्टब्स ने नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए दो दिन तक चले मैच में 3 और 1 रन बनाए थे।
ट्रिस्टन स्टब्स SA20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेले थे। उन्होंने आखिरी सीजन में तीन हाफ सेंचुरी की मदद से 301 रन बनाए थे। उनकी फ्रेंचाइजी ने ही चैंपियन का टाइटल भी अपने नाम किया था।