साउथ अफ्रीका ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में श्रीलंका पर शिकंजा कस लिया है। डरबन में तीसरे दिन शुक्रवार (29 नवंबर) को ट्रिस्टन स्टब्स के 122 और कप्तान टेम्बा बावुमा के 113 रन की मदद से दूसरी पारी 5 विकेट पर 366 रन बनाकर घोषित किया। पहली पारी में 42 रन पर आउट होने वाली श्रीलंका को 516 रन का टारगेट मिला है।
श्रीलंका ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 31 ओवर में 5 विकेट पर 103 रन बना लिए। दिनेश चांदीमल 29 और कप्तान धनंजय डी सिल्वा बगैर खाता आउट हो गए। पथुम निसांका 23, दिमुथ करुणारत्ने 4, एंजलो मैथ्यूज 25, कामिंदू मेंडिस 10 और प्रभात जयसूर्या 1 रन बनाकर आउट हुए। यह पहला मौका है जब कामिंदू मेंडिस अपने पदार्पण के बाद से किसी टेस्ट मैच में 50+ का स्कोर बनाने में असफल रहे। यह उनका 8वां मैच है। कगिसो रबाडा और मार्को यानसेन ने 2-2 विकेट लिए हैं। गेराल्ड कोएट्जी ने 1 विकेट लिया।
दूसरे दिन 19 विकेट गिरे
डरबन टेस्ट का पहला दिन बारिश से प्रभावित रहा था। दूसरे दिन पूरा खेल हुआ और 19 विकेट गिरे। तीसरे दिन का खेल भी पूरा हुआ। साउथ अफ्रीका के पास श्रीलंका के 5 विकेट लेने के लिए 6 सेशन का वक्त है। चौथे दिन शनिवार (29 नवंबर) को बारिश नहीं हुई तो श्रीलंका का काम तमाम हो जाएगा।
डरबन में सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड
डरबन में सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। 1950 में उसने 366 रन का टारगेट चेज किया था। श्रीलंका ने यहां 2019 में 304 रन का टारगेट चेज किया था और 1 विकेट से मैच जीता था। कुसल परेरा ने नाबाद 153 रन की पारी खेली थी। पहली पारी में उन्होंने 51 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।
श्रीलंका अपने न्यूनतम टेस्ट स्कोर पर आउट
डरबन टेस्ट की पहली पारी में श्रीलंका अपने न्यूनतम टेस्ट स्कोर पर आउट हो गया था। मार्को यानसेन ने 7 विकेट लिए थे और श्रीलंका की टीम 42 रन पर आउट हो गई थी। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 71 था। (पूरी खबर पढ़ें)