भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को एशिया कप 2025 से पहले साउथ अफ्रीका टी20 लीग 2025-26 सीजन के लिए प्रिटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अब इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे जिन्होंने एक साल के कार्यकाल के बाद ही ये पद छोड़ दिया था।
सौरव गांगुली 2018-19 और 2022-24 के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के टीम निदेशक के रूप में कार्यरत थे। एक खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद सौरव गांगुली ने बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) और बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में भी कमा किया था। उन्होंने 2019 से 2022 तक BCCI अध्यक्ष के रूप में काम किया था उसके बाद रोजर बिन्नी ने उनकी जगह ली थी।
प्रिटोरिया कैपिटल्स के कोच बने सौरव गांगुली
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने इंस्टाग्राम पर सौरव गांगुली को अपना नया हेड कोच घोषित किया। आपको बता दें कि सौरव गांगुली अपने क्रिकेट करियर में पहली बार किसी टीम के फुल-टाइम कोच बने हैं। इस फ्रेंचाइजी ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए उनके टीम के साथ जुड़ने पर खुशी जाहिर की।
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि कोलकाता के प्रिंस कैपिटल्स कैंप में आने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और हमें सौरव गांगुली को अपना नया मुख्य कोच घोषित करते हुए बेहद खुशी हो रही है।
जोनाथन ट्रॉट ने एक ही सीजन के बाद प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया। पिछले सीजन में उनके नेतृत्व में इस टीम ने 10 ग्रुप मैच खेले थे जिसमें से उसे 2 मैचों में ही जीत मिल पाई थी और ये टीम नॉकआउट में जगह बनाने में फेल रही थी। प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर उनका धन्यवाद अदा किया। दक्षिण अफ्रीका टी20 टूर्नामेंट 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक आयोजित होगा।
