भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया विमान पर व्हीलचेयर देने में देरी करने का आरोप लगाया है। एयरलाइस ने मामले में सफाई दे दी है। इस बीच लोगों ने सोशल मीडिया पर लिम्का बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाले इस पैरा एथलीट की क्लास लगा दी। लोगों ने धैर्य रखने की सलाह दे दी।

शेख का आरोप है कि ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से 12 घंटे की यात्रा के बाद भारत लौटने पर उन्हें 90 मिनट व्हीलचेयर के लिए इंतजार करना पड़ा। खिलाड़ी ने दावा किया कि शुरू में उन्हें एक व्हीलचेयर दिया गया था, जो असुविधाजनक था। इस बीच एयर इंडिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान सुरक्षा मंजूरी में समय लगता है। इसलिए उनको निजी व्हीलचेयर देने में देरी हुई। एयर इंडिया ने दो ट्वीट किए और उन्होंने कहा, “हमें आपके अनुभव के बारे में जानकर खेद है। जांच करने पर पता चला कि अंतरराष्ट्रीय आगमन में प्रक्रिया के अनुसार व्हीलचेयर प्रदान की गई थी।”

एयरलाइंस ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “हम समझते हैं कि आपकी व्यक्तिगत व्हीलचेयर देने में कुछ समय लगा क्योंकि हवाई अड्डे की सुरक्षा कारणों से इसमें देरी हुई। हमें उम्मीद है कि आप हमें चीजों को ठीक करने का एक और मौका देंगे।” वहीं तैराक ने ट्वीट करके कहा, “डियर एयरइंडिया मैं एआई 309 शाम 5 बजे के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। मैं व्हीलचेयर का इस्तेमाल करता हूं और मैंने केबिन क्रू को सूचित किया कि मुझे गेट पर अपने व्हीलचेयर की आवश्यकता है। एक घंटे के बाद भी मैं इंतजार कर रहा हूं और मुझे अपना निजी व्हीलचेयर नहीं मिला है। मुझे वॉशरूम इस्तेमाल करना है, कोई सपोर्ट नहीं कर रहा।

एक अन्य ट्वीट में शेख ने कहा, “समर्थन के लिए ट्विटर परिवार को धन्यवाद। मुझे मेरी व्हीलचेयर मिली। कृपया एयर इंडिया पीडब्ल्यूडी के लिए सेनेटाइजेशन प्रोग्राम आयोजित करें। यदि कोई दिव्यांग व्यक्ति अपनी व्हीलचेयर मांग रहा है तो उन्हें आपके XL साइज की असहज व्हीलचेयर पर बैठने के लिए मजबूर न करें।” अब सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने शेख के साथ हमदर्दी जताई तो कुछ लोगों ने उनपर निशाना साधा।

अपनी श्रेणी में एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक आलम पैरा स्विमिंग में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता है। एक लकवाग्रस्त व्यक्ति द्वारा सबसे लंबे समय तक समुद्र में तैराकी का विश्व रिकॉर्ड भी उनके नाम है। 2017 में उन्होंने यह विश्व रिकॉर्ड बनाया। वह गोवा में समुद्र में चार घंटे और चार मिनट में आठ किलोमीटर तैरे। इसके बाद उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था। उन्होंने एशियाई पैरा खेलों, जकार्ता-इंडोनेशिया 2018 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।