श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषित कर दी है। धनंजय डी सिल्वा की अगुआई वाली 16 सदस्यीय स्क्वाड में ओशादा फर्नांडो को मौका मिला है, जो मार्च 2023 के बाद से टेस्ट नहीं खेले हैं। श्रीलंका-न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 18 सितंबर से खेली जाएगी। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का हिस्सा है।

फर्नांडो ने श्रीलंका ‘ए’ के ​​लिए शानदार प्रदर्शन किया है। इस महीने की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के ​​खिलाफ 122 और 80 रन बनाए थे। 33 वर्षीय फर्नांडो को निशान मदुश्का की जगह मौका मिला है, जो तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड जाने वाली टीम का हिस्सा थे।कसुन राजिथा और निसाला थारका अन्य दो खिलाड़ी हैं, जो टीम से बाहर हो गए हैं।

करुणारत्ने, मैथ्यूज और चांदीमल टीम में

श्रीलंका ने इंग्लैंड दौरे के लिए गए 15 सदस्यों को बरकरार रखा है। धनंजय डी सिल्वा कप्तान बने रहेंगे। दिमुथ करुणारत्ने, एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ पथुम निसांका, कामिंडू मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है।

इंग्लैंड से 2-1 से सीरीज हारी श्रीलंका

इंग्लैंड से 2-1 से सीरीज हारने के बावजूद, श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज में द ओवल में अंतिम मैच में शानदार जीत से मिली लय के साथ उतरेगी। इस जीत ने श्रीलंका को 42.86 अंक प्रतिशत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप स्टैंडिंग में शीर्ष पांच में पहुंचा दिया। ब्लैक कैप्स वर्तमान में 50% के साथ तीसरे स्थान पर है।

श्रीलंका की टीम

धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चंडीमल, कामिंदु मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, ओशादा फर्नांडो, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस, जेफरी वेंडरसे, मिलन रत्नायके।