Sri Lanka vs Ireland, 2nd Test, 2nd Day: आयरलैंड ने 25 अप्रैल 2023 को गाले (Galle) के गाले इंटरनेशनल स्टेडियम (Galle International Stadium) में इतिहास रचा। एंड्रयू बालबर्नी की अगुआई वाली आयरलैंड ने टेस्ट क्रिकेट का अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। खास यह है कि उसकी इस उपलब्धि में अनुभवी पॉल स्टर्लिंग का भी अहम योगदान रहा।
पॉल स्टर्लिंग ने टेस्ट करियर का अपना पहला शतक लगाया। पॉल स्टर्लिंग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के लिए हुई नीलामी में अनसोल्ड (नहीं बिके) रह गए थे, वह भी तब जब उनका टी20 इंटरनेशनल में 135 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट है। साथ ही बेस प्राइस भी सिर्फ 50 लाख रुपए था।
आयरलैंड की ओर से कर्टिस कैम्फर ने भी अपने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया। पॉल स्टर्लिंग 103 और कर्टिस कैम्फर 111 रन बनाकर आउट हुए। दोनों की पारियों की मदद से आयरलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन 25 अप्रैल को पहली पारी में रिकॉर्ड 492 रन बनाए।
टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में यह आयरलैंड का सर्वोच्च स्कोर है। आयरलैंड ने इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ डबलिन में 2018 में दूसरी पारी में 339 रन बनाए थे। श्रीलंका और आयरलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो खराब रोशनी और बारिश के कारण दिन का खेल लगभग आधे घंटे पहले खत्म हुआ।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय श्रीलंका ने बनाए थे बिना विकेट खोए 81 रन
खेल खत्म होने के समय श्रीलंका ने पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 81 रन बना लिए थे। स्टम्प्स के समय निशान मधुशंका 41 और कप्तान दिमुथ करुणारत्ने 39 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इससे पहले श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने फिर 5 विकेट लेने का कारनामा किया। प्रभात की यह 12वीं टेस्ट पारी है। इसमें वह 6 बार 5 विकेट ले चुके हैं। प्रभात ने इस बार 58.3 ओवर में 174 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।
बल्लेबाजी के लिए माकूल परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए आयरलैंड के बल्लेबाजों को श्रीलंका के गेंदबाजों के खिलाफ कोई खास परेशानी नहीं हुई। पॉल स्टर्लिंग और कर्टिस कैम्फर को विकेटकीपर लोर्कन टकर का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 106 गेंद की पारी में 80 रन का योगदान दिया।
आयरलैंड ने दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 319 रन से की। कर्टिस कैम्फर और लोर्कन टकर ने 5वें विकेट के लिए 99 रन जोड़े। इस साझेदारी को विश्वा फर्नांडो ने तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए पॉल स्टर्लिंग ने अपनी पारी 74 रन के आगे से शुरू की। वह सोमवार को इसी स्कोर पर मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए थे।
छक्का लगाकर पूरा किया पॉल स्टर्लिंग ने अपना पहला टेस्ट शतक
पॉल स्टर्लिंग दिन के पहले सत्र में विश्वा फर्नांडो पर छक्के के साथ अपना शतक पूरा करने के बाद इसी गेंदबाज का शिकार बने। उन्होंने 181 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। पॉल स्टर्लिंग और कर्टिस कैम्फर ने छठे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। कर्टिस कैम्फर को इसके बाद एंडी मैकब्राइन (35 रन) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने 7वें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 474 तक पहुंचाया।
इसके चार रन के बाद कैम्फर भी पवेलियन चलते बने। उन्होंने पांच घंटे से अधिक तक चली 229 गेंद की मैराथन पारी में 15 चौके और दो छक्के लगाए। पॉल स्टर्लिंग और कर्टिस कैम्फर से पहले आयरलैंड के लिए केविन ओ ब्रायन और लोर्कन टकर ने ही शतक लगाए हैं। श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या ने 174 रन देकर पांच विकेट चटकाए। विश्वा और असिथा को दो-दो सफलताएं मिलीं।
