इंग्लैंड ने पहला वनडे हारने के बाद श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में शनिवार (24 जनवरी) को प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया। ओपनर जैक क्रॉली के चोटिल होने के कारण मैच से बाहर हो गए। उनकी जगह विल जैक्स को मौका मिला। वह बीमार होने के कारण पहले मैच में नहीं खेले थे। इंग्लैंड ने क्रॉली की जगह ओपनर के तौर पर हैरानी भरा फैसला लिया है। बेन डकेट के साथ रेहान अहमद ओपनिंग करते दिखेंगे।

रेहान अहमद लेग स्पिनर हैं। उनका लिस्ट ए क्रिकेट में रिकॉर्ड काफी खराब है। उन्होंने 14 मैच की 11 पारियों में 21.57 के औसत से 151 रन बनाए हैं। नाबाद 40 उनका सर्वोच्च स्कोर है। वनडे में उन्होंने 7 मैच की 5 पारियों में 12.40 के औसत से 62 रन बनाए हैं। 27 सर्वोच्च स्कोर है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उसने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया।

ब्रूक ने क्या कहा?

टॉस के बाद इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक ने कहा, ‘जितनी जल्दी हो सके, हालात के हिसाब से ढलना होगा। हमें लगता है कि पिच वैसी ही खेलेगी। ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक रोटेट करना होगा। यह निराशाजनक है। हमने घर से बाहर काफी मैच हारे हैं। क्रॉली घायल हैं। जैक्स टीम में आए हैं और मिडिल ऑर्डर में खेलेंगे। रेहान पारी की शुरुआत करेंगे।’

श्रीलंका प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरिथ असलांका (कप्तान), जेनिथ लियानगे, पवन रथनायके, डुनिथ वेलालगे, प्रमोद मदुशन, जेफरी वांडरसे, असिथा फर्नांडो।

इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: रेहान अहमद, बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक, सैम करन, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, आदिल राशिद।