श्रीलंकाई ऑलराउंडर दुनिथ वेलालागे अपने पिता के निधन के बाद एशिया कप में टीम से वापस जुड़ गए हैं। वह शनिवार (20 सितंबर) को बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप सुपर 4 मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। वेलालागे के पिता सुरंगा का गुरुवार रात 54 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। तब अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच ग्रुप बी लीग मैच हो रहा था।
युवा खिलाड़ी वेलालागे को मैच के बाद ही इस त्रासदी की जानकारी दी गई। इसके बाद वह कोलंबो वापस आ गए। पिता के अंतिम संस्कार के बाद वह शुक्रवार रात टीम मैनेजर महिंदा हालंगोडे के साथ यूएई लौट आए। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने एक बयान में शुक्रवार रात को कहा, “श्रीलंका कल संयुक्त अरब अमीरात में बांग्लादेश के खिलाफ चल टूर्नामेंट के सुपर 4 चरण में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। वेलालागे इस मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।”
जयसूर्या ने दी श्रद्धांजलि
जयसूर्या ने भी एक फेसबुक पोस्ट में दुनिथ वेलालागे को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, “दुनिथ,तुम्हारे पिता खुद एक क्रिकेटर थे और उन्हें अपने बेटे पर सचमुच गर्व होगा। उनके मूल्य, खेल के प्रति उनका प्रेम और उनकी भावनाएं तुम्हारे माध्यम से जीवित हैं।” उन्होंने आगे कहा कि वह इस युवा खिलाड़ी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।
मोहम्मद नबी ने वेलालागे को ओवर में 5 छक्के जड़े
बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के बाद, श्रीलंका 23 सितंबर को पाकिस्तान और 26 सितंबर को भारत से भिड़ेगा।
अफगानिस्तान के खिलाफ, वेलालागे ने चार ओवर फेंके और 49 रन दिए और इब्राहिम जादरान को आउट किया। मोहम्मद नबी ने उन्हें एक ही ओवर में 5 छक्के जड़े।
श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया
वेलालागे का यह 5वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था। श्रीलंका ने यह मैच छह विकेट से जीता। इसमें विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 52 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए। अफगानिस्तान सुपर-4 की रेस से बाहर हो गया। वेलालागे ने अब तक 31 वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया है।