एशिया कप 2025 में गुरुवार (18 सितंबर) को खेला जा रहा अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच काफी महत्वपूर्ण है। इस मैच से 3 टीमों श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश का भविष्य तय होगा। 2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी। मोहम्मद नबी की तूफानी बैटिंग के बदौलत अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। अफगानिस्तान को सुपर-4 में पहुंचने के लिए मैच जीतना होगा। हारने पर उसका सफर समाप्त हो जाएगा।

श्रीलंका यह मैच हारकर भी सुपर-4 में पहुंच सकती है, लेकिन इसके लिए उसे कम से कम 101 रन बनाना होगा। अगर वह ऐसा नहीं कर पाती है तो बांग्लादेश सुपर-4 में पहुंच जाएगी। ऐसा होने पर श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश तीनों के 4-4 अंक होंगे। श्रीलंका रनरेट के आधार पर सुपर-4 में होगा। श्रीलंका का रनरेट +1.54 है। बांग्लादेश का रनरेट -0.270 है। अफगानिस्तान का रनरेट +2.150 है।

5 गेंदों पर 5 छक्के, मोहम्मद नबी ने श्रीलंका के गेंदबाजों के उड़ाए होश; 272 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन-VIDEO

अफगानिस्तान मुश्किलों में थी

नुवान तुषारा की शानदार गेंदबाजी के दमपर अफगानिस्तान मुश्किलों में थी। ऐसा लग रहा था कि वह 120 रन भी बना पाएगी या नहीं। इसके बाद मोहम्मद नबी ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप बी मैच में श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट पर 169 रन बनाए।

नबी ने आखिरी ओवर में वेलालगे को 5 छक्के जड़े

अफगानिस्तान की टीम एक समय 13वें ओवर में 6 विकेट पर 79 रन थे। इसके बाद नबी (60 रन, 22 गेंद, छह छक्के, तीन चौके) ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने नूर अहमद (नाबाद छह) के साथ आठवें विकेट के लिए सिर्फ 18 गेंद में 55 रन की अटूट साझेदारी की। नबी ने आखिरी ओवर में दुनिथ वेलालगे को 5 छक्के जड़े। ओवर में 32 रन बने।