सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय क्रिकेटर्स में से एक होने के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी एकांत जीवन जीना पसंद करते हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से एक निश्चित दूरी बनाए रखते हैं। हालांकि, एक समय था जब यह विकेटकीपर-बल्लेबाज ट्विटर पर काफी सक्रिय था। तब महेंद्र सिंह धोनी को अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत करना या उन्हें खेल या अपने जीवन के बारे में सामान्य अपडेट देना पसंद था।
हाल ही में धोनी द्वारा 2012 में किए गए कुछ ट्वीट्स ट्विटर पर फिर वायरल हुए और सभी सुर्खियों में आ गए। वायरल ट्वीट्स में से एक में, एमएस धोनी ने एक ट्विटर यूजर को करारा जवाब दिया। उस यूजर ने सोशल मीडिया पर समय बिताने के बजाय धोनी को अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर ध्यान केंद्रित करने की बात कहते हुए ट्रोल किया था। जुलाई 2012 में, भारत के श्रीलंका दौरे से ठीक पहले, एमएस ने ट्विटर पर एक पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने यूजर्स को तस्वीरों के बीच अंतर खोजने के लिए कहा था।
एमएस धोनी की उसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, एक यूजर ने धोनी से खेल पर ध्यान केंद्रित करने का अनुरोध किया। पूर्व भारतीय कप्तान ने भी उस व्यक्ति की आलोचना पर ध्यान दिया और यूजर से कुछ सुझाव मांगते हुए व्यंग्यात्मक जवाब दिया। यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘@msdhoni कृपया अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दें, न कि ट्विटर पर।’ इस पर धोनी ने जवाब देते हुए लिखा, ‘सर हां सर, कोई टिप्स सर।’
@msdhoni plzz concentrate on ur batting not in twitter
— Sridhar Reddy Vakiti (@urssrilu666) July 17, 2012
@urssrilu666 sir yes sir, any tips sir
— Mahendra Singh Dhoni (@msdhoni) July 17, 2012
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से दूर रहने के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी के ट्विटर पर 82 लाख और इंस्टाग्राम पर 3.31 करोड़ से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। हालांकि, बड़े पैमाने पर फैन-फॉलोइंग होने का यह मतलब नहीं है कि उनका ट्रोलर्स से कभी पाला नहीं पड़ा है। प्रसिद्धि के साथ आलोचना भी आती है और पूर्व भारतीय कप्तान को सोशल मीडिया पर कई बार आलोचनाओं का शिकार भी होना पड़ा है।
हालांकि, क्रिकेट के मैदान पर कैप्टन कूल के नाम से प्रसिद्ध महेंद्र सिंह धोनी का व्यक्तित्व मनमौजी और जोशीला है। वह अपने सेंस ऑफ ह्यूमर से क्रिकेट प्रशंसकों का मनोरंजन करने में असफल नहीं होते हैं। विकेट के पीछे उनकी चतुराई से लगभग सभी क्रिकेट प्रशंसक वाकिफ हैं। उन्हें अक्सर स्टंप माइक से बोलते हुए सुना गया है।