सिकंदर रजा ने सोमवार, 27 नवंबर को हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। उन्होंने विंडहोक के वांडरर्स क्रिकेट ग्राउंड में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप अफ्रीका जोन क्वालिफायर 2023 में रवांडा के खिलाफ जिम्बाब्वे के मैच में यह उपलब्धि हासिल की। वह टी20 में हैट्रिक लेने वाले जिम्बाब्वे के पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए। इससे पहले उन्होंने अर्धशतक भी जड़ा था। रजा को पंजाब किंग्स (PBKS) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के लिए रिटेन किया। इसके एक दिन बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
सिकंदर रजा ने 2.4 ओवर में 3 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्हें मुहम्मद नादिर, जैपी बिमेनीमाना और एमिल रुकिरिजा के विकेट मिले। उनके स्पैल के दम पर जिम्बाब्वे ने 215 रन का बचाव करते हुए रवांडा को 18.4 ओवर में 71 रन पर आउट कर दिया। रजा ने ओपनिंग बैटिंग करते हुए अर्धशतक भी लगाया। उन्होंने 36 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 रन बनाए और तदिवानाशे मारुमानी के साथ पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी भी की।
जिम्बाब्वे की दो महिला क्रिकेट ले चुकी हैं हैट्रिक
रवांडा पर जीत का मतलब है कि जिम्बाब्वे चार अंकों और +2.276 के नेट रन रेट के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। उसका अगला मैच 29 नवंबर को नाइजीरिया के खिलाफ है। महिला क्रिकेटर नोमवेलो सिबांडा और ऑड्रे मजविशाया के बाद 37 वर्षीय रजा टी20 में हैट्रिक लेने वाले जिम्बाब्वे के तीसरे खिलाड़ी भी बने।
नोमवेलो सिबांडा हैट्रिक लेने वाली जिम्बाब्वे की पहली क्रिकेटर
अप्रैल 2022 में विंडहोक में सेंटर फॉर क्रिकेट डेवलपमेंट ग्राउंड में नामीबिया के खिलाफ ट्राई सीरीज मैच में यह उपलब्धि हासिल करने के बाद सिबांडा अपने देश की ओर से हैट्रिक लेने वाली पहली खिलाड़ी थीं। उन्हें ज्यूरिएन डियरगार्ड, कायलीन ग्रीन और सुने विटमैन के विकेट मिले। मजविशाया ने 25 अप्रैल, 2023 को बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में थाईलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली। रोसेनन कानोह, सुलेपोर्न लाओमी और ओनिचा कामचोम्फु को आउट किया था।