Happy Birthday Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल 25 साल के हो गए। शुभमन गिल ने काफी कम वक्त में भारतीय क्रिकेट में खुद को स्थापित किया है और वो क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया के रेगुलर खिलाड़ी बन चुके हैं। गिल इस वक्त भारतीय टी20 और वनडे टीम के उप-कप्तान भी हैं और उन्हें टीम इंडिया के भविष्य के कप्तान के रूप में भी देखा जा रहा है। शुभमन गिल ने आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी भी की थी।
गिल ने हैं वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
गिल ने अपने क्रिकेट करियर में कुछ रोचक रिकॉर्ड्स अपने नाम पर दर्ज किए हैं। वो इस वक्त वर्ल्ड क्रिकेट में वनडे प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज हैं और उन्होंने पिछले साल यानी साल 2023 में अपने साथी खिलाड़ी इशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ा था। गिल ने 18 जनवरी 2023 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का दोहरा शतक लगाया था और 208 रन की पारी खेली थी। उन्होंने ये कमाल 23 साल 132 दिन की उम्र में किया था और इशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ा था। इशान किशन ने वनडे में पहला दोहरा शतक 24 साल 145 दिन की उम्र में लगाया था।
वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
23 वर्ष 132 दिन – शुभमन गिल, 208 रन (149 गेंद)
24 वर्ष 145 दिन – इशान किशन, 210(131)
25 वर्ष 267 दिन – पथुम निसांका, 210(139)
26 वर्ष 186 दिन – रोहित शर्मा, 209(158)
27 वर्ष 197 दिन – रोहित शर्मा, 264(173)
28 वर्ष 101 दिन – फखर जमां, 210(156)
28 वर्ष 172 दिन – मार्टिन गप्टिल, 237*(163)
आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
23 वर्ष 263 दिन – शुभमन गिल 2023 में
24 वर्ष 257 दिन – रुतुराज गायकवाड़ 2021 में
24 वर्ष 328 दिन – शॉन मार्श 2008 में
27 वर्ष 206 दिन – विराट कोहली 2016 में
भारत के लिए वनडे में सबसे तेज 500, 1000, 1500 और 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी शुभमन गिल के नाम पर ही दर्ज है। गिल ने टीम इंडिया के लिए अब तक 25 टेस्ट, 47 वनडे और 21 टी20आई मुकाबले खेले हैं। टेस्ट प्रारूप में उन्होंने 4 शतक के साथ 1492 रन बनाए हैं जबकि वनडे में 6 शतक के साथ उन्होंने 2328 रन बनाए हैं। टी20आई में गिल ने एक शतक लगाया है और 578 रन बनाए हैं।