भारतीय टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने इंस्टाग्राम पर एक फनी वीडियो शेयर किया है। अय्यर इस वीडियो में कैच का अभ्यास कर रहे हैं। दरअसल, लॉकडाउन के कारण क्रिकेट के सभी टूर्नामेंट को रोक दिया गया है। खिलाड़ी अपने-अपने घरों में बंद हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ रहे हैं। अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं। टूर्नामेंट को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। ऐसे में अय्यर घर पर ही अभ्यास कर रहे हैं।
वीडियो में अय्यर पहले अंडे के साथ प्रैक्टिस करते हैं। उनकी बहन अंडे फेंक रही है और वे कैच कर रहे हैं। इसके बाद वे कुर्सियों को इधर-उधर करते हैं। फिर वो मां के पीछे खड़े जाते हैं। मां वाशिंग मशीन से कपड़े निकालकर उन्हें कैच कराती हैं। इसी बीच एक गंदा कपड़ा आ जाता है। इस बदबूदार कपड़े को सूंघने के बाद अय्यर का मजा किरकिरा हो जाता है। अय्यर ने इस वीडियो को पोस्ट करते लिखा, ‘‘हर जगह फील्डिंग प्रैक्टिस।’’
इससे पहले अय्यर ने लॉकडाउन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद DOGGY के साथ एक वीडियो शेयर किया था। क्रिकेट की भाषा में उनका कुत्ता स्लिप में फील्डिंग कर रहा था। अय्यर ने उसकी तरफ शॉट खेला, लेकिन उनका कुत्ता कैच नहीं ले सका। गेंद से उसके मुंह से लगकर बाहर गिर गई। अय्यर ने लिखा था कि बेट्टी ने कैच तो पकड़ लिया और जश्न के लिए दौड़ गया। हालांकि, वीडियो में साफ दिख रहा है कि श्रेयस का कुत्ता कैच नहीं ले सका।
अय्यर भारत के लिए पहला टी20 नवंबर 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे। एक महीना बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। अय्यर ने भारत के लिए 18 वनडे में 49.86 की औसत से 748 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं। टी20 की बात करें तो उन्होंने 22 मैच में 27.80 की औसत से 417 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतक हैं।