Shoaib Akhtar Knee Surgery: शोएब अख्तर इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में मेलबर्न के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनके दोनों की घुटनों की सर्जरी हुई है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज के घुटनों की छठी बार सर्जरी हुई है। शोएब अख्तर ने अस्पताल से अपने प्रशंसकों के लिए एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने प्रशसंकों से उनके लिए दुआ करने की अपील की है। उन्होंने वीडियो में बताया है कि उन्हें असहनीय दर्द है।

पाकिस्तान के रावलपिंडी में 13 अगस्त 1975 को जन्में शोएब अख्तर ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में उम्मीद जताई है कि शायद अब उन्हें फिर कभी घुटनों की सर्जरी नहीं करानी पड़े। पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि संन्यास के 11 साल बाद भी वह दर्द झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 4-5 साल और खेल सकते थे, लेकिन वह जानते थे कि अगर ऐसा किया तो वह व्हीलचेयर पर आ जाएंगे।

अख्तर ने कहा कि वास्तव में इसी कारण उन्होंने असमय क्रिकेट को अलविदा कहा। हालांकि, यह जो कुछ भी सब किया वह पाकिस्तान के लिए किया। अगर दोबारा से पाकिस्तान के लिए खेलने को मिला तो फिर से खेलूंगा। शोएब अख्तर ने वीडियो में कहा, ‘सर्जरी रूम से बाहर आ गया हूं।’

उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘सर्जरी अच्छी रही। दोनों घुटनों की 5-6 घंटे तक सर्जरी चली। बहुत तकलीफ में हूं। ठीक होने में कुछ समय लगेगा। आपकी दुआएं चाहिए। उम्मीद करता हूं कि यह मेरी आखिरी सर्जरी हो। संन्यास के 11 साल बाद भी सख्त तकलीफ हूं।’ नीचे आप भी शोएब अख्तर का वह वीडियो संदेश देख सकते हैं।

पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज ने सर्जरी से पहले एक वीडियो मैसेज शेयर किया था। उस वीडियो में शोएब अख्तर ने कहा था कि वह ऐसी ही पांच सर्जरी से गुजर चुके हैं। ऐसा ही एक वीडियो उन्होंने ट्विटर पर भी शेयर किया है। अख्तर के वीडियो पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी कमेंट किया है। अफरीदी ने लिखा, ‘अल्लाह आपको पूरी तरह स्वस्थ करे! आप जल्दी से तंदुरुस्त हो जाएं। हिम्मत बनाए रखें।’

शोएब अख्तर ने ऑस्ट्रेलिया के एक समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में कहा था कि बचपन में वह ठीक से चल भी नहीं पाते थे। उन्होंने बताया, ‘मैं 6 साल तक चल भी नहीं पाता था। डॉक्टर हमेशा मेरी मां से कहते थे कि आपका यह लड़का हाफ डिसेबल है। यह कभी भी समान्य बच्चे की तरह दौड़ नहीं पाएगा।’ हालांकि, अख्तर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर न सिर्फ दौड़े बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज रफ्तार से गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

शोएब अख्तर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान 46 टेस्ट, 163 वनडे और 15 टी20 मैच खेले थे। इसमें उन्होंने क्रमशः 178, 247 और 19 विकेट लिए थे। उन्होंने टेस्ट में 12 और वनडे में 4 बार पारी में 5-5 विकेट लिए थे।