वेस्टइंडीज दौरा फतह करने के बाद अब टीम इंडिया साउथ अफ्रीका से भिड़ने को तैयार है। साउथ अफ्रीका के भारत दौरे की शुरुआत 15 सितंबर को टी20 सीरीज से होनी है। अगले साल टी20 विश्व कप भी होना है। इसे देखते हुए दोनों टीमों के लिए यह सीरीज अहम है। साउथ अफ्रीका को यदि इस सीरीज में जीत हासिल करनी है तो उसे भारत की ओपनिंग जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन का तोड़ निकालना होगा।

साउथ अफ्रीका के लिए यह आसान नहीं होगा, क्योंकि ये दोनों बल्लेबाज मौजूदा दौर के दुनिया के बेस्ट ओपनिंग जोड़ीदार माने जाते हैं। दोनों वनडे में ओपनिंग जोड़ी के तौर पर 4708 रन बना चुके हैं। शिखर 133 वनडे में 17 और रोहित 218 वनडे में 27 जड़ चुके हैं। दोनों 44 से ज्यादा के औसत से पांच-पांच हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। दोनों काफी अच्छे दोस्त भी हैं।

हालांकि, यह बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन के बेटे जोरावर अपने पिता नहीं, बल्कि रोहित शर्मा की बल्लेबाजी के दीवाने हैं। दरअसल, रोहित और शिखर गौरव कपूर के शो ब्रेकफास्ट विद चैंपियन में पहुंचे थे। दोनों के साथ उनकी पत्नियां और बच्चे भी थे। शिखर के बेटे जोरावर ने तो गौरव कपूर के सवालों के जवाब भी दिए।

गौरव ने जोरावर से पूछा कि क्या तुमको रोहित के साथ बल्लेबाजी करने में मजा आता है? इस पर जोरावार सोचने लगते हैं। तब रोहित कहते हैं कि तुम इसका उत्तर जानते हो या फिर देना नहीं चाहते हो? इसके बाद गौरव ने जोरावर से पूछा कि कौन बेहतर बल्लेबाज है। आप या आपको पिता? इस पर जोरावर रोहित की तरफ इशारा करते हैं। जोरावर के ऐसा करते ही रोहित, उनकी पत्नी रितिका, शिखर, उनकी पत्नी आयशा और गौरव सभी हंसने लगते हैं।

इसके बाद गौरव ने जोरावर से पूछा कि क्या तुम वर्ल्ड कप में खेलने की इच्छा रखते हो। इस पर जोरावर ने नहीं में अपना सिर हिला दिया। ऐसे में शिखर धवन ने कहा कि मैं तुम्हारे लिए खेलूंगा। इसके बाद जोरावर से पूछा गया कि आपके डैड की शर्ट का नंबर क्या है। जोरावर अपने डैड से ही नंबर पूछने लगते हैं और शिखर कहते हैं ट्वंटी फाइव। जोरावर से जब रोहित की शर्ट का नंबर पूछा जाता है तब वह रितिका से पूछकर बताते हैं कि फोर्टी फाइव।