टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपनी धमाकेदार बैटिंग को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। शिखर धवन आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। गब्बर के नाम से मशहूर इस खिलाड़ी का बेबाक अंदाज भी लोगों को काफी पसंद है। धवन की बल्लेबाजी के कई किस्से तो आपने सुने ही होंगे जब उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर विपक्षी गेंदबाजों को खामोश कर दिया है। लेकिन क्या आपको पता है कि एक बार शिखर धवन ने एक शो के दौरान होस्ट की भी बोलती बंद कर दी थी। यही नहीं उन्होंने शो का नाम भी बदल दिया था।

दरअसल, ये किस्सा उस वक्त का है जब शिखर धवन और रोहित शर्मा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ गौरव कपूर के शो ब्रेकफास्ट विद चैंपियन में पहुंचे थे। इस दौरान बातचीत करते हुए गौरव कपूर ने रोहित और शिखर का मजा लेते हुए कहा कि आप दोनों अपनी पत्नियों से कंट्रोल होते हैं। इस पर तपाक से शिखर ने गौरव को चुप कराते हुए कहा कि सिर्फ हम दोनों ही नहीं बल्कि तुम भी अपनी बीवी से कंट्रोल होते हो। ये हर एक घर की कहानी है।

घर में बनाओगे रोटीः शिखर का ये जवाब सुनकर रोहित भी हंस पड़े और उन्होंने कहा कि शो इनका है तो इसका मतलब ये थोड़ी है कि कुछ भी बोलेंगे। शिखऱ ने कहा कि- पता चला कि आज शो करने जा रहे हैं और बीवी ने बोला कि चलो घर पर बैठो तब पता चलेगा कि चैंपियन विद ब्रेकफास्ट। पता चला पप्पू एंड चैंपियन विद ब्रेकफास्ट। कहीं पता चले कि पप्पू घर में रोटियां बना रहा है। ये सुनकर गौरव कपूर भी हैरान रह गए।