भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन टीम इंडिया के लिए 34 टेस्ट, 136 वनडे और 61 टी20 खेल चुके हैं। धवन ने 2012 में आयशा मुखर्जी से शादी की थी। दोनों की लव स्टोरी अनोखी है। धवन और आयशा में फेसबुक के जरिए बातचीत हुई थी। आयशा उम्र में उनसे 10 साल बड़ी थीं। उनके दो बच्चे भी थे। इसके बाद भी धवन ने उनसे शादी की। इश्क और शादी को लेकर धवन ने इरफान से इंस्टाग्राम चैट के दौरान बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नुसरत फतेह अली खान के एक गाने से उन्हें हिम्मत मिली। धवन प्यार के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार थे।
इरफान पठान ने कहा, ‘‘जब आपकी शादी हुई तो जाहिर सी बात है कि आयशा मुखर्जी 10 साल बड़ी थीं। उनके दो बड़े बच्चे थे। उन बच्चों को अपना नाम देना उसे मैं पुण्य का काम समझता हूं। सबसे पहले तो ये बताओ कि इश्क शुरू कैसे हुआ? इसके पीछे सोच क्या थी?’’ धवन ने जवाब में कहा, ‘‘आयशा से मैं ऑनलाइन मिला था। उसके बाद जब बात शुरू हुई तो हमारी केमिस्ट्री बड़ी अच्छी थी। अभी भी हम बेस्ट फ्रेंड की तरह जोक करते हैं। हमारी सोच एक है और पसंद भी मिलती हैं। हम एक-दूसरे को एन्जॉय करते हैं।’’
धवन ने इसके आगे कहा, ‘‘मुझे पता था कि दो बेटियां भी हैं। नुसरत फतेह अली खान साहब का गाना है, इश्क दी गली विच कोई कोई लंगदा। आग का दरिया है उससे निकलना पड़ता है। कुछ समय के लिए मेरे परिवार वाले भी नाराज हुए थे। आदमी सबसे लड़ लेता है, लेकिन जब घर पर लड़ाई की बात आती है तो वो सबसे ज्यादा मुश्किल होता है, क्योंकि आप मां को भी दुखी नहीं देख सकते हैं और होने वाली बीवी को भी दुखी नहीं देख सकते हैं।’’
भारतीय ओपनर ने कहा, ‘‘सब सोच का फर्क होता है। घर वाले भी अपनी जगह सही थे और मैं भी। इसके बाद वे नहीं माने तो मैंने अपने घरवालों को यही कहा कि कुछ गलत नहीं कर रहा हूं। मैं इस तारीख को शादी करूंगा, आपको आना है तो आओ। उन्हें पता था कि अब ये नहीं मानेगा, क्योंकि मैं शुरू से ही जिद्दी था। वे मेहंदी की रात को मान गए थे। अब हमारे बच्चे भी हैं। मैंने कोई पुण्य नहीं किया, मैं उनलोगों से प्यार करता हूं। बस सबकुछ सही चल रहा है।’’