एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता एल सरिता देवी (60 किग्रा) ने प्रतिस्पर्धी मुक्केबाजी में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को चीन के शहर किनान में ट्रेनिंग सह प्रतियोगिता दौरे पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पांच देशों की इस प्रतियोगिता में आज भारतीय मुक्केबाजों को दक्षिण कोरिया के मुक्केबाजों का सामना करना था। एक साल के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रही सरिता ने यू जी को 3-0 से हराया।

महिलाओं में राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता पिकी जांगड़ा (51 किग्रा) भी जीत दर्ज करने में सफल रही जिन्होंने युनजिन नैम को हराया। पुरुष वर्ग में एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता विकास कृष्ण (75 किग्रा) ने डोंगयुन ली को 3-0 से हराया जबकि कुलदीप सिंह (81 किग्रा) ने हिगुएन यैंग को 2-1 से पछाड़ा। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता शिव थापा (56 किग्रा) को हालांकि सेंगमियोंग हैम के खिलाफ 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता एल देवेंद्रो सिंह (49 किग्रा), मनदीप जांगड़ा (69 किग्रा) और गौरव बिधूड़ी (49 किग्रा) हल्की चोट लगने के बाद अपने मुकाबले पूरे नहीं कर पाए। थामस मेतेई (52 किग्रा), मनीष कौशिक (60 किग्रा), अमृतप्रीत सिंह (91 किग्रा) और नरेंदर (91 किग्रा से अधिक) को शिकस्त का सामना करना पड़ा। भारतीय मुक्केबाज मंगलवार को चीन के मुक्केबाजों से भिड़ेंगे।