भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के बेटे का जब जन्म हुआ तब से लोग यह सवाल कर रहे हैं कि इजहान क्रिकेटर बनेंगे या फिर टेनिस खेलेंगे। हालांकि हो सकता है कि इजहान खेल में करियर न बनाए और वह कई अन्य स्टार किड की तरह बॉलीवुड में एंट्री करे। इस बात की पुष्टि खुद डायरेक्टर फराह खान ने सोशल मीडिया पर की है।

फराह खान और सानिया हैं करीबी दोस्त

डायरेक्टर और प्रोड्यूसर फराह खान सानिया की करीबी दोस्त हैं। दोनों कई टीवी शो में साथ आ चुकी हैं। फराह का अपना यूट्यूब चैनल है जिसपर सानिया मिर्जा गेस्ट बनकर पहुंची थी। इसी वीडियो में सानिया ने बताया कि जब उनका बेटा इजहान पैदा हुआ था तभी फराह ने कह दिया था कि वह उसे बॉलीवुड में लॉन्च करेगी।

इजहान को लॉन्च करना चाहती हैं सानिया

वीडियो में इजहान फराह खान की बात नहीं मान रहे थे। ऐसे में फराह ने इजहान से कहा कि भूलना मत मैं तुम्हे लॉन्च करने वाली हूं। इसके बाद सानिया ने इजहान के जन्म का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, ‘बहुत कम लोग यह बात जानते हैं। जब इजहान का जन्म हुआ था उसके कुछ समय बाद फराह मिलने आई थी। फराह ने 10 रुपए इजहान को दिए और कहा कि मैं तुम्हे लॉन्च करूंगी। वह 10 रुपए साइनिंग अमाउंट था।’ फराह ने भी हां में हां मिलाई।

फुटबॉल भी खेलते हैं इजहान मिर्जा

सानिया मिर्जा अपने बेटे के साथ दुबई में रहती हैं। इजहान को कई बार टेनिस खेलते हुए देखा गया है लेकिन वह युवेंट्स की फुटबॉल अकेडमी में भी ट्रेनिंग करते हैं। हाल ही में उनका जन्मदिन था और उस पार्टी का थीम भी फुटबॉल था। ऐसे में यह तय नहीं है कि वह किस खेल में करियर बनाएंगे। यह भी हो सकता है कि फराह खान की बात सच हो जाए और इजहान बॉलीवुड में एंट्री कर ले। फराह खान ने दीपिका पादुकोण को लॉन्च किया था जो कि आज एक बड़ी सुपरस्टार हैं।